PM Modi Israel Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजरायल की अपनी ऐतिहासिक यात्रा के दौरान यरूशलम में इजरायली संसद को संबोधित किया, जहां उनका जबरदस्त स्वागत किया गया. इस अवसर पर इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री मोदी को केवल दोस्त नहीं, बल्कि अपना भाई भी बताया. दोनों देशों के बीच रिश्तों को लेकर उनके शब्दों में गहरी दोस्ती और सहयोग की भावना झलकी. इस यात्रा को भारत और इजरायल के बीच रणनीतिक संबंधों में और अधिक मजबूती के रूप में देखा जा रहा है.
"भारत हमारा महान दोस्त है"
इजयरायल की संसद में नेतन्याहू ने कहा, 'भारत हमारा महान दोस्त है.' उन्होंने कहा, 'नरेंद्र मोदी, मेरे प्रिय दोस्त' ये महज़ शब्द नहीं हैं. मैं तो ये भी कह सकता हूं कि दोस्त से बढ़कर भाई. कई मायनों में, हम भाई हैं. जब आप पिछली बार यहां आए थे, हम दोनों भूमध्य सागर के तट पर थे, और मैंने कहा, “क्यों न हम अपने जूते उतारकर पानी में चलें?” जिसे हम शुद्ध करना चाहते थे और हमने ऐसा इज़राइली तकनीक की मदद से किया.
'यरूशलम में आपका स्वागत है'
पीएम मोदी के साथ संसद में बोलते हुए नेतन्याहू ने कहा, 'मुझे कूटनीतिक होना पड़ेगा, मैं इसे किसी कैटेगरी में नहीं रखूंगा. मैं किसी मुसीबत में नहीं पड़ना चाहता, लेकिन आपकी इस यात्रा से मैं इतना प्रभावित कभी नहीं हुआ. आज हमारे साथ इस्राइल का एक महान दोस्त भारत-इजराइल गठबंधन का एक महान समर्थक और विश्व मंच पर एक महान नेता मौजूद है. मेरे प्रिय मित्र, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यरूशलम में आपका स्वागत है.
'हमारे हित एक जैसे'
लगभग 80 साल पहले, हम दोनों ब्रिटिश शासन से मुक्त हुए और लगभग एक ही समय में अपनी स्वतंत्रता प्राप्त की. हमारे कई हित एक जैसे हैं. हम दो लोकतांत्रिक देश हैं. आप एक विशाल लोकतंत्र हैं, और इज़राइल भी एक है. सोचिए हमें क्या-क्या करना पड़ा, किन-किन मुश्किलों से गुजरना पड़ा, और हमने अपने लोकतंत्र को कैसे बनाए रखा.
इजरायली संसद में पीएम मोदी का भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी का इजरायल की संसद में स्वागत अभूतपूर्व था. संसद भवन में मोदी-मोदी के नारे गूंजे और मोदी को 'नमस्ते मोदी' के साथ स्वागत किया गया. दर्शक दीर्घा में भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और भारतीय दूतावास के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे. इजरायली संसद के स्पीकर अमीर ओहाना ने हिंदी में पीएम मोदी का स्वागत किया, "प्राइम मिनिस्टर मोदी, जेरूसेलम में आपका स्वागत है, क्नेसेट में आपका स्वागत है."
ये भी पढ़ें: 'भारत मजबूती से इजरायल के साथ खड़ा है...', इजरायली संसद में PM मोदी का संबोधन, जानें क्या-क्या कहा