पैसों से भरी तिजोरियां, कीमती सामान... भीषण बाढ़ में बह गई नेपाल का खजाना, पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

Nepal Missing Bank Vaults: नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद राहत और बचाव के बीच पुलिस के सामने एक नई परेशानी खड़ी हो गई है. बाढ़ और मलबे में कम से कम 20 बैंकों की तिजोरियां लापता बताई जा रही हैं.

Nepal treasure washed away in devastating floods police have launched a search operation
Image Source: ANI/ File

Nepal Missing Bank Vaults: नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद राहत और बचाव के बीच पुलिस के सामने एक नई परेशानी खड़ी हो गई है. बाढ़ और मलबे में कम से कम 20 बैंकों की तिजोरियां लापता बताई जा रही हैं. पुलिस अब इन तिजोरियों को खोजने और सुरक्षित रखने में जुटी है, क्योंकि इनमें बड़ी रकम और कीमती सामान होने की बात कही जा रही है.

अधिकारियों के मुताबिक, कुछ तिजोरियों में नकदी के साथ सोना और दूसरी कीमती चीजें भी थीं. पुलिस के लिए इस समय सबसे बड़ी प्राथमिकता लापता लोगों को तलाशना है, लेकिन साथ ही बाढ़ प्रभावित इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी बड़ी चुनौती है.

बाढ़ में बह गईं बैंक की तिजोरियां

डीआईजी अबी नारायण काफ्ले ने बताया कि रसुवा, धाडिंग, चितवन समेत कई इलाकों में बैंक बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं. कई तिजोरियां पानी के साथ बह गईं, जबकि कुछ भारी गाद और मलबे में दब गईं.

पुलिस की टीमें इन तिजोरियों को तलाशकर सुरक्षित जगह पहुंचाने की कोशिश कर रही हैं. अधिकारियों के मुताबिक, कुछ जगहों पर बहकर आई तिजोरियों को तोड़कर पैसे निकालने की घटनाएं भी सामने आई हैं.

92 लाख रुपये चोरी के आरोप में 29 गिरफ्तार

धाडिंग पुलिस ने एक तिजोरी से कथित तौर पर 92 लाख नेपाली रुपये चोरी करने के आरोप में 29 लोगों को गिरफ्तार किया है. यह तिजोरी अपर रसुवा इलाके से बहकर आई थी. पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम त्रिशूली नदी में कृषि विकास बैंक की धुंगे शाखा की एक तिजोरी बरामद कर सुरक्षित की गई. इसे सुरक्षित करने में पुलिसकर्मियों को करीब आठ घंटे लगे.

बताया गया कि इस तिजोरी में करीब 1.5 करोड़ नेपाली रुपये नकद और लगभग 50 करोड़ नेपाली रुपये मूल्य का सोना और दूसरी कीमती चीजें थीं. इसके अलावा नुवाकोट स्थित कृषि विकास बैंक की एक और तिजोरी को भी पुलिस ने सुरक्षित कर लिया है. फिलहाल पुलिस का ध्यान बाकी लापता तिजोरियों को खोजने के साथ-साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों और उनकी संपत्ति की सुरक्षा पर है.

ये भी पढ़ें- तीन थिएटर कमांड, 20 एयर डिफेंस सिस्टम... S-400 और कुश से मजबूत होगी भारत की हवाई सुरक्षा, जानें प्लान