जर्मनी के म्यूनिख एयरपोर्ट पर 15 अगस्त को एक बड़ा विमान हादसा टल गया. हनोई के लिए उड़ान भरने वाली Vietnam Airlines की Boeing 787-9 फ्लाइट VN-34 ने टेकऑफ के दौरान ऐसी स्थिति का सामना किया, जिसके बाद पायलटों को विमान वापस म्यूनिख लाने का फैसला करना पड़ा. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उड़ान भरते समय विमान की पूंछ रनवे से टकरा गई थी. इसके बावजूद विमान हवा में स्थिर रहा और करीब दो घंटे बाद सुरक्षित एयरपोर्ट लौट आया.
9 हजार फीट की ऊंचाई पर दो घंटे उड़ता रहा विमान
टेल-स्ट्राइक के बाद विमान करीब 9,000 फीट की ऊंचाई पर म्यूनिख के ऊपर लगभग दो घंटे तक चक्कर लगाता रहा. इस दौरान विमान ने ईंधन कम करने के लिए हवा में ही फ्यूल डंप किया, ताकि सुरक्षित लैंडिंग के लिए उसका वजन कम किया जा सके. बताया जा रहा है कि रनवे से टकराने के कारण विमान के पिछले हिस्से को नुकसान पहुंचा था. जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद विमान ने म्यूनिख एयरपोर्ट पर वापसी की और सुरक्षित लैंडिंग की.
271 यात्री और 16 क्रू मेंबर थे सवार
Vietnam Airlines की फ्लाइट VN-34 ने 15 अगस्त को स्थानीय समय के अनुसार दोपहर करीब 1:45 बजे म्यूनिख से हनोई के लिए उड़ान भरी थी. विमान में 271 यात्री और 16 क्रू मेंबर मौजूद थे और सभी के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है. शुरुआती तौर पर एयरलाइन ने विमान के वापस लौटने की वजह को “तकनीकी खराबी” बताया था. टेकऑफ के दौरान रनवे पर विमान के तेजी से आगे बढ़ने के बीच तेज आवाज सुनाई देने और पूंछ के रनवे से टकराने की बात सामने आई. इसके बाद विमान के पीछे धूल का गुबार भी दिखाई दिया.
सुरक्षा के चलते बंद किया गया एयरपोर्ट का नॉर्थ रनवे
घटना के बाद म्यूनिख एयरपोर्ट प्रशासन ने नॉर्थ रनवे को सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया. इससे एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए हवाई यातायात प्रभावित होने और उड़ानों में देरी की आशंका जताई गई. फ्लाइट ने साउथ रनवे से टेकऑफ किया था, जबकि वापसी के दौरान उसकी लैंडिंग नॉर्थ रनवे पर कराई गई. घटना ने एक बार फिर टेकऑफ के दौरान विमान की सुरक्षा और टेल-स्ट्राइक जैसी स्थिति से निपटने की प्रक्रियाओं को चर्चा में ला दिया है.
ये भी पढ़ें: वर्दी वाले दहशतगर्द... अब खैबर पख्तूनख्वा में मुनीर के खिलाफ लोगों का फूटा गुस्सा, विरोध में लगे तीखे नारे