Milk Prices Hike: अब दूध भी हुआ महंगा, 1 सितंबर से 9 रुपए बढ़ जाएगी कीमत, जानें अपने शहर के ताजा रेट

अब दूध के लिए भी लोगों को ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे. मुंबई और आसपास के इलाकों में खुले दूध की कीमत बढ़ने वाली है.

Mumbai Milk Price Hike prices will rise by ₹9 starting September 1
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Milk Prices Hike: अब दूध के लिए भी लोगों को ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे. मुंबई और आसपास के इलाकों में खुले दूध की कीमत बढ़ने वाली है. मुंबई तबेला एसोसिएशन ने खुले दूध के दाम में 9 रुपये प्रति लीटर बढ़ाने का फैसला किया है. नई कीमत 1 सितंबर 2026 से लागू होगी. इसके बाद ग्राहकों को एक लीटर खुले दूध के लिए 102 रुपये देने होंगे.

फिलहाल मुंबई और आसपास के इलाकों में खुला दूध 93 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है. 1 सितंबर से इसकी कीमत बढ़कर 102 रुपये हो जाएगी. यानी लोगों को हर लीटर दूध पर 9 रुपये ज्यादा खर्च करने होंगे.

क्यों बढ़े दूध के दाम?

मुंबई तबेला एसोसिएशन का कहना है कि गाय और भैंसों को पालने का खर्च लगातार बढ़ रहा है. पशुओं के चारे की कीमत भी पहले के मुकाबले काफी बढ़ गई है. इसके अलावा पशुओं की देखभाल और रखरखाव पर भी ज्यादा खर्च हो रहा है.

एसोसिएशन के मुताबिक, बढ़ती लागत की वजह से खुले दूध की कीमत बढ़ाना जरूरी हो गया है. इसी के चलते 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का फैसला लिया गया है. नई कीमत के लागू होने के बाद 1 सितंबर से खुला दूध 102 रुपये प्रति लीटर मिलेगा.

पैकेट वाले दूध पर नहीं पड़ेगा असर

इस बढ़ोतरी को लेकर एक बात साफ है कि नई कीमत सिर्फ खुले दूध पर लागू होगी. पैकेट में मिलने वाले दूध के दाम में इस फैसले के तहत कोई बदलाव नहीं किया गया है.

यानी अगर कोई ग्राहक तबेले, डेयरी या स्थानीय विक्रेता से खुला दूध खरीदता है तो उसे 1 सितंबर से एक लीटर के लिए 102 रुपये देने होंगे. वहीं पैकेट वाले दूध की कीमत पहले की तरह ही रहेगी.

परिवारों के बजट पर पड़ेगा असर

दूध हर घर की रोजमर्रा की जरूरत है. चाय, बच्चों के दूध से लेकर दही, पनीर और दूसरी चीजों में इसका इस्तेमाल होता है. ऐसे में खुले दूध के दाम में 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का सीधा असर लोगों के बजट पर पड़ सकता है.

अगर कोई परिवार रोजाना एक लीटर खुला दूध खरीदता है तो उसे हर दिन 9 रुपये ज्यादा खर्च करने होंगे. इस हिसाब से एक महीने में करीब 270 रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा.