महाराष्ट्र में सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका! ग्रुप-सी के 2,619 पदों पर भर्ती, आवेदन शुरू

MPSC Group C Vacancy 2026: महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) ने ग्रुप-सी सर्विसेज कंबाइंड प्रिलिम्स परीक्षा 2026 के तहत विभिन्न विभागों में बंपर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है.

mpsc-group-c-recruitment-2026-2619-posts-apply-online
Image Source: Magnific

MPSC Group C Vacancy 2026: अगर आप सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं और महाराष्ट्र में करियर बनाना चाहते हैं, तो आपके लिए शानदार अवसर है. महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) ने ग्रुप-सी सर्विसेज कंबाइंड प्रिलिम्स परीक्षा 2026 के तहत विभिन्न विभागों में बंपर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 2,619 रिक्त पदों को भरा जाएगा. इच्छुक और पात्र उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार तय समय सीमा के भीतर अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं.

इस तारीख तक कर सकते हैं आवेदन

एमपीएससी की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 17 जुलाई 2026 रात 11:59 बजे निर्धारित की गई है. अभ्यर्थियों को इसी अवधि के भीतर आवेदन शुल्क का भुगतान भी करना होगा. अंतिम समय में तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए उम्मीदवारों को समय रहते आवेदन करने की सलाह दी गई है.

किन-किन पदों पर होगी भर्ती?

इस भर्ती अभियान में सबसे अधिक पद क्लर्क-टाइपिस्ट के लिए निर्धारित किए गए हैं. आयोग कुल 1,864 क्लर्क-टाइपिस्ट पदों पर नियुक्तियां करेगा. इसके अलावा असिस्टेंट मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (AMVI) के 461 पद, टैक्स असिस्टेंट के 282 पद, इंडस्ट्री इंस्पेक्टर के 9 पद और टेक्निकल असिस्टेंट के 3 पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा.

शैक्षणिक योग्यता क्या होनी चाहिए?

क्लर्क-टाइपिस्ट और टैक्स असिस्टेंट पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना अनिवार्य है. इसके साथ ही मराठी टाइपिंग में 30 शब्द प्रति मिनट या अंग्रेजी टाइपिंग में 40 शब्द प्रति मिनट की गति भी आवश्यक होगी.

वहीं, असिस्टेंट मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर पद के लिए उम्मीदवार के पास ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग या मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा अथवा डिग्री होना जरूरी है. अन्य पदों के लिए भी आयोग द्वारा निर्धारित शैक्षणिक योग्यताओं को पूरा करना अनिवार्य होगा.

आयु सीमा और आरक्षण का लाभ

इस भर्ती के लिए न्यूनतम आयु सीमा संबंधित पद के अनुसार 18 या 19 वर्ष तय की गई है. सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 38 वर्ष निर्धारित है. वहीं, महाराष्ट्र सरकार के नियमों के अनुसार आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष तक की छूट प्रदान की जाएगी.

कैसे होगा उम्मीदवारों का चयन?

भर्ती प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की जाएगी. सबसे पहले 27 सितंबर 2026 को संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा आयोजित होगी. यह परीक्षा 100 अंकों की होगी. प्रारंभिक परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा. इसके बाद संबंधित पदों के अनुसार टाइपिंग टेस्ट या स्किल टेस्ट आयोजित किया जाएगा. सभी चरणों में सफल होने वाले अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया जाएगा.

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. वहां उपलब्ध Online Facilities सेक्शन में जाकर Online Application System का चयन करें. इसके बाद अपना पंजीकरण पूरा करें और आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी सावधानीपूर्वक भरें. आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के बाद निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करें. आवेदन प्रक्रिया पूरी होने पर उसका प्रिंटआउट निकालकर भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें.

ये भी पढ़ें: बिहार पुलिस में सब इंस्पेक्टर बनने का शानदार मौका, इतने पदों पर निकली भर्ती, कब शुरू होंगे आवेदन?