Bihar Police SI Recruitment 2026: बिहार पुलिस में अधिकारी बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. राज्य में पुलिस इंस्पेक्टर बनने का इंतजार अब खत्म हो गया है. बिहार पुलिस अधीनस्थ सेवा आयोग (BPSSC) ने वर्ष 2026 के लिए पुलिस इंस्पेक्टर भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती के जरिए 150 पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा. आवेदन प्रक्रिया 9 जुलाई 2026 से शुरू होगी और इच्छुक अभ्यर्थी 9 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. ऐसे में जो उम्मीदवार लंबे समय से इस भर्ती का इंतजार कर रहे थे, उनके लिए यह सरकारी नौकरी हासिल करने का बेहतरीन अवसर है.
150 पदों पर होगी भर्ती
बीपीएसएससी की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार इस भर्ती अभियान के तहत कुल 150 पुलिस इंस्पेक्टर पद भरे जाएंगे. इनमें विभिन्न आरक्षित वर्गों के लिए अलग-अलग सीटें निर्धारित की गई हैं. अनुसूचित जाति (SC) के लिए 24 पद, अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 2 पद, अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) के लिए 27 पद, पिछड़ा वर्ग (BC) के लिए 18 पद, पिछड़ा वर्ग महिला (BC Female) के लिए 4 पद, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 15 पद और सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 60 पद आरक्षित किए गए हैं.
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
इस भर्ती में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास भारत के किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक (Graduation) या उसके समकक्ष योग्यता होना अनिवार्य है. आयोग द्वारा निर्धारित अन्य पात्रताओं को भी पूरा करना होगा.
आयु सीमा की गणना 1 अगस्त 2026 को आधार मानकर की जाएगी. आवेदन करने के लिए न्यूनतम आयु 20 वर्ष निर्धारित की गई है. वहीं सामान्य वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 37 वर्ष और महिला उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है. सरकार के नियमानुसार आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में निर्धारित छूट का लाभ भी मिलेगा.
9 जुलाई से शुरू होंगे आवेदन
इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 9 जुलाई 2026 से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे. आवेदन करने की अंतिम तिथि 9 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है. उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि अंतिम समय की तकनीकी परेशानियों से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें और आवेदन से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन को ध्यानपूर्वक पढ़ लें.
दो चरणों में होगी लिखित परीक्षा
चयन प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों को दो चरणों की लिखित परीक्षा से गुजरना होगा. सबसे पहले प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे. यह परीक्षा 200 अंकों की होगी और इसकी अवधि दो घंटे निर्धारित की गई है.
प्रारंभिक परीक्षा में अंग्रेजी, सामान्य हिंदी, गणित, सामान्य ज्ञान और करंट अफेयर्स जैसे विषयों से प्रश्न पूछे जाएंगे. इस चरण में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा. इसके बाद आयोग की निर्धारित चयन प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई पूरी की जाएगी.
ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में बंपर भर्ती! कृषि विस्तार अधिकारी के 2784 पदों पर आवेदन शुरू, पढ़ें पूरी डिटेल