भीषण गर्मी से मिलेगी राहत! 4 दिनों तक होगी झमाझम बारिश, जानिए किन राज्यों में बरसेंगे बादल

Rainfall Alert: देश के अधिकांश हिस्सों में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है और आने वाले कुछ दिनों में इसका असर और तेज होने की संभावना है.

imd-rain-alert-delhi-up-mumbai-weather-forecast-july
Image Source: ANI

Rainfall Alert: देश के अधिकांश हिस्सों में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है और आने वाले कुछ दिनों में इसका असर और तेज होने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र के कारण उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत के कई राज्यों में बारिश का दायरा बढ़ने वाला है. अगले चार से पांच दिनों के दौरान कई इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. इससे जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलेगी, वहीं कुछ क्षेत्रों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की भी आशंका जताई गई है.

दिल्ली-एनसीआर में लगातार चार दिन बरसेंगे बादल

राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में आने वाले चार दिनों तक मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक 4 जुलाई से 7 जुलाई के बीच हल्की से मध्यम बारिश के कई दौर देखने को मिल सकते हैं. इस दौरान बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज होने का अनुमान है. जहां शुरुआती दिनों में तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, वहीं सप्ताह के अंत तक यह 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इससे राजधानीवासियों को उमस और गर्मी से काफी राहत मिलने की उम्मीद है.

यूपी में कई दिनों तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला

उत्तर प्रदेश में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने वाला है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 से 7 जुलाई तक जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 4 से 6 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है.

इसके बाद बारिश का असर और बढ़ सकता है. मौसम विभाग का अनुमान है कि 8 से 10 जुलाई के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश और 9 से 10 जुलाई के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की जा सकती है. कई इलाकों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने की संभावना है. लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है.

मुंबई और कोंकण क्षेत्र में मूसलाधार बारिश की चेतावनी

पश्चिमी भारत में भी मानसून का असर काफी मजबूत रहने वाला है. कोंकण और गोवा क्षेत्र में 4 से 7 जुलाई तक तथा मध्य महाराष्ट्र में 4 से 6 जुलाई के बीच भारी से बेहद भारी बारिश होने का अनुमान है. इसका सबसे अधिक असर मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में देखने को मिल सकता है.

लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, सड़क यातायात बाधित होने और लोकल ट्रेन सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा कई स्थानों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. प्रशासन ने लोगों से समुद्र तटों से दूरी बनाए रखने और मौसम संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.

इन राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ, ओडिशा, पश्चिम मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, केरल, कर्नाटक और तेलंगाना सहित कई राज्यों में अच्छी बारिश हो सकती है.

कुछ क्षेत्रों में बारिश का दौर इतना तेज हो सकता है कि वहां बेहद भारी वर्षा दर्ज की जाए. विशेष रूप से गुजरात, पश्चिम मध्य प्रदेश, कोंकण-गोवा, सौराष्ट्र-कच्छ और ओडिशा के कुछ हिस्सों में अत्यधिक वर्षा की चेतावनी जारी की गई है.

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की दी सलाह

भारी बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है. लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव, नदियों के जलस्तर में वृद्धि, पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क यातायात प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है.

लोगों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले मौसम का ताजा अपडेट जरूर देखें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें. साथ ही गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में रहने वाले मछुआरों को अगले कुछ दिनों तक समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी दी गई है, क्योंकि समुद्र में ऊंची लहरें और खराब मौसम की स्थिति बनी रह सकती है.

ये भी पढ़ें: दिल्ली दंगों के आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम को कोर्ट से बड़ा झटका, जमानत याचिका खारिज