भोपाल: मध्य प्रदेश के लाखों सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए दीपावली इस बार खास हो सकती है. राज्य सरकार उन्हें त्योहार से पहले महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) बढ़ाने की सौगात दे सकती है. केंद्र सरकार पहले ही अपने कर्मचारियों के लिए यह बढ़ोतरी घोषित कर चुकी है, और परंपरा के अनुसार राज्य भी इसी राह पर चलने को तैयार है.
केंद्र ने किया DA में 3% का इजाफा
भारत सरकार ने हाल ही में अपने कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए महंगाई भत्ते और राहत में 3% की वृद्धि की है, जिससे अब कुल DA/DR बढ़कर 58% हो गया है. यह वृद्धि जुलाई 2025 से प्रभावी मानी जाएगी और कर्मचारियों को तीन महीने का एरियर भी मिलेगा. वित्त विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश सरकार अक्सर केंद्र सरकार की घोषणा के अनुरूप ही DA वृद्धि को समान तिथि से लागू करती है.
जल्द मिल सकता है आदेश
फिलहाल राज्य के कर्मचारियों को 55% DA मिल रहा है. केंद्र की घोषणा के बाद, राज्य सरकार की ओर से भी इस बढ़ोतरी को लागू करने की पूरी संभावना है. अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों के लिए आदेश अगले सप्ताह तक जारी हो सकते हैं, जबकि राज्य कर्मचारियों के लिए निर्णय कैबिनेट बैठक में होगा.
दीपावली से पहले हो सकती है घोषणा
त्योहारी मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री चाहें तो कैबिनेट से पूर्व ही घोषणा कर सकते हैं, और बाद में कार्योत्तर अनुमोदन लिया जा सकता है. इस स्थिति में कर्मचारियों को जुलाई से सितंबर तक का एरियर मिलने की भी पूरी संभावना है.
पेंशनरों को भी मिलेगी राहत
राज्य के पेंशनरों को फिलहाल 53% महंगाई राहत मिल रही है. छत्तीसगढ़ सरकार ने हाल ही में इसमें 2% की वृद्धि को मंजूरी दी है, जो सितंबर से लागू होगी. मध्य प्रदेश भी इसी पैटर्न पर राहत बढ़ा सकता है, लेकिन अंतिम आदेश छत्तीसगढ़ की सहमति के बाद ही जारी होंगे.
8वें वेतनमान से पहले अंतिम DA वृद्धि?
अगर राज्य सरकार जनवरी 2026 से 8वां वेतनमान लागू करती है, तो यह महंगाई भत्ते में अंतिम बढ़ोतरी हो सकती है. नए वेतनमान में आमतौर पर भत्तों को जोड़कर ही वेतन तय किया जाता है, जिससे अलग से DA नहीं मिलता. हालांकि, यह पूरी तरह सरकार के फैसले पर निर्भर करेगा कि वेतन आयोग की सिफारिशें कब से लागू होती हैं.
ये भी पढ़ें: MP के लाखों छात्रों को CM मोहन यादव का बड़ा तोहफा, 8.45 लाख बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाएगी सरकार