MP में टॉपर्स को मिला सफलता का इनाम, CM मोहन यादव ने 7832 छात्रों को गिफ्ट की स्कूटी, दी ये बड़ी सलाह

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 11 सितंबर को छात्रों के भविष्य को रफ्तार देने वाली एक ऐतिहासिक पहल की. राजधानी में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने 7,832 मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी गिफ्ट की.

MP CM Mohan Yadav gifts scooties to 7,832 students
Image Source: Social Media

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 11 सितंबर को छात्रों के भविष्य को रफ्तार देने वाली एक ऐतिहासिक पहल की. राजधानी में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने 7,832 मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी गिफ्ट की. इसके साथ ही दो बड़ी योजनाओं के तहत 20 लाख से अधिक बालिकाओं को आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई.

सीएम ने खुद ली राइड

मुख्यमंत्री ने मंच पर एक अनोखा अंदाज़ भी दिखाया. उन्होंने एक छात्रा की स्कूटी पर पीछे बैठकर राइड का आनंद लिया, जिससे पूरे कार्यक्रम का माहौल उमंग से भर गया. इस मौके पर उन्होंने बच्चों को ज़िम्मेदार यात्री बनने की सीख देते हुए कहा कि "गाड़ी सावधानी से चलाएं, ड्राइविंग लाइसेंस बनवाएं और नंबर प्लेट लगाना न भूलें."

सेनिटेशन-हाइजीन योजना 

समग्र शिक्षा के अंतर्गत चलाई जा रही सेनिटेशन-हाइजीन योजना में मुख्यमंत्री ने कक्षा 7वीं से 12वीं तक की 20,37,439 छात्राओं को 61.12 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से प्रदान की. इस योजना के अंतर्गत हर वर्ष प्रत्येक छात्रा को 300 रुपये की राशि स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़ी ज़रूरतों के लिए दी जाती है.

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय योजना

सीएम ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय टाइप-IV योजना के तहत हॉस्टल में रह रही 20,100 बालिकाओं के बैंक खातों में कुल 7 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की. इस योजना के तहत बच्चियों को टीएलएम (Teaching Learning Material) और स्टायपेंड के रूप में सालाना 3,400 रुपये दिए जाते हैं.

कार्यक्रम में क्या बोले सीएम मोहन यादव? 

भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बच्चों के लिए बेहतर भविष्य के अवसर बन रहे हैं. प्रदेश के विद्यार्थियों को स्कूटी, लैपटॉप, साइकिल, कॉपी-किताबें सहित अनेक सौगातें मिल रही हैं. आज स्कूल शिक्षा विभाग के माध्यम से 12वीं बोर्ड परीक्षा में स्कूल के टॉपर रहे 7832 बच्चों को स्कूटी दी गई है. वर्तमान में विश्व में भारत का समय चल रहा है. सीएम डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में कभी सरकारी स्कूलों की स्थिति बहुत दयनीय थी. इनमें बच्चों के लिए बुनियादी सुविधाओं का अभाव रहता था. अब शहर-शहर में सांदीपनि विद्यालय की स्थापना हो रही है.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए संकल्पित हैं. भारतीयों ने हर मुश्किल परिस्थिति में अपनी क्षमता के माध्यम से दुनिया में पहचान बनाई है. बदलते दौर में भारत सरकार नई तकनीक को प्रोत्साहित कर रही है. दुनिया भारत की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है.

ये भी पढ़ें: MP को बड़ी सौगात, जन्मदिन पर प्रधानमंत्री मोदी धार में करेंगे देश के पहले 'पीएम मित्रा पार्क' का भूमिपूजन