देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को टर्बोचार्ज करने की तैयारी, कैबिनेट ने एक ही दिन में खोले निवेश के बड़े दरवाज़े

Cabinet Decisions: भारत के परिवहन और तकनीक ढांचे को नई दिशा देने के लिए केंद्र सरकार ने बुधवार को कई अहम फैसले लिए. इंफ्रास्ट्रक्चर मॉडर्नाइजेशन पर बड़ा दांव लगाते हुए मोदी कैबिनेट ने लगभग 19,919 करोड़ रुपये के चार महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दे दी. 

modi Cabinet announcement opened big doors for investment in a single day
Image Source: ANI

Cabinet Decisions: भारत के परिवहन और तकनीक ढांचे को नई दिशा देने के लिए केंद्र सरकार ने बुधवार को कई अहम फैसले लिए. इंफ्रास्ट्रक्चर मॉडर्नाइजेशन पर बड़ा दांव लगाते हुए मोदी कैबिनेट ने लगभग 19,919 करोड़ रुपये के चार महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दे दी. 

यह मंजूरियां न केवल महाराष्ट्र और गुजरात जैसे औद्योगिक राज्यों के लिए राहत लेकर आई हैं, बल्कि देश के इकोनॉमिक ग्रोथ और कनेक्टिविटी विज़न की झलक भी पेश करती हैं. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इन निर्णयों को सरकार की “गति और गारंटी” नीति का हिस्सा बताया.

पुणे मेट्रो को मिला मेगा बजट, शहर के ट्रैफिक को मिलेगी राहत

इन फैसलों में सबसे बड़ा निवेश पुणे मेट्रो फेज़-1 के विस्तार को मिला. कैबिनेट ने 9,858 करोड़ रुपये मंजूर करते हुए 32 किलोमीटर के नए कॉरिडोर को हरी झंडी दे दी है. खराड़ी से खड़कवासला और नल स्टॉप से मणिक बाग तक फैले इस विस्तार से पुणे का मेट्रो नेटवर्क 100 किलोमीटर के पार पहुंच जाएगा. बढ़ते ट्रैफिक और जाम से जूझ रहे शहर के लिए यह नया नेटवर्क एक बड़ा समाधान साबित हो सकता है.

तकनीक में आत्मनिर्भरता की ओर कदम, रेयर अर्थ परमानेंट मैग्नेट स्कीम पास

कैबिनेट ने भविष्य की हाई-टेक इंडस्ट्रीज पर ध्यान देते हुए 7,280 करोड़ रुपये की रेयर अर्थ परमानेंट मैग्नेट (REPM) स्कीम को भी मंजूरी दी. इस स्कीम के तहत देश में ही एडवांस्ड मैग्नेट बनाए जाएंगे, जिनकी भारी डिमांड इलेक्ट्रिक वाहनों, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों में होती है. अभी इन मैग्नेट्स के लिए भारत आयात पर निर्भर है, लेकिन नई स्कीम आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकती है.

गुजरात के श्रद्धालुओं और व्यापार के लिए द्वारका लाइन का दोहरीकरण

गुजरात में ओखा से कनालूस रेलवे लाइन के डबलिंग को भी कैबिनेट से हरी झंडी मिल गई है. 1,457 करोड़ रुपये की लागत वाला यह 159 किलोमीटर का प्रोजेक्ट देवभूमि द्वारका जाने वाले यात्रियों के लिए राहत लेकर आएगा. लाइन डबल होने के बाद न केवल ट्रेनें अधिक संख्या में चल सकेंगी, बल्कि मालगाड़ियों की रफ्तार भी बढ़ेगी. इससे समुद्री व्यापार वाले इस इलाके के विकास को गति मिलेगी.

मुंबई लोकल यात्रियों के लिए नई उम्मीद, बदलापुर-कर्जत लाइन को मिला विस्तार

महाराष्ट्र में मुंबई उपनगरीय रेल नेटवर्क के बोझ को कम करने के लिए बदलापुर-कर्जत के बीच तीसरी और चौथी लाइन को मंजूरी दी गई है. 1,324 करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट से लोकल और मालगाड़ी ट्रैफिक अलग-अलग संचालित होंगे, जिससे रोज़ाना लाखों यात्रियों को समयबद्ध और सुगम यात्रा मिलेगी. लंबे समय से बढ़ते ट्रैफिक दबाव का सामना कर रही इस रूट को यह प्रोजेक्ट एक बड़ी राहत देगा.

स्पीड, कनेक्टिविटी और आधुनिकता

कुल 19,919 करोड़ रुपये की यह चार मंजूरियां बताती हैं कि सरकार हाई-कैपेसिटी इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार को लेकर कितनी गंभीर है. महाराष्ट्र के दो बड़े प्रोजेक्ट, पुणे मेट्रो और बदलापुर-कर्जत राज्य की कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देंगे, जबकि REPM स्कीम भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता को मजबूत करेगी. अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सभी प्रोजेक्ट्स तय समयसीमा में पूरे किए जाएंगे, ताकि जनता को जल्द इसका लाभ मिल सके.

यह भी पढ़ें- आपसे बिना पूछे कंपनी ने खाते से काट लिए पैसे? अब नहीं चलेगी ये मनमानी