चलती ट्रेन में चोरी पड़ी भारी, खिड़की से लटकते-लटकते 8 KM दूर पहुंच गया चोर, देखें वीडियो

Khagaria News: बिहार के खगड़िया जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने लोगों को हैरान कर दिया. मोबाइल चोरी की नीयत से चलती ट्रेन में चढ़े एक युवक की चाल उसी पर भारी पड़ गई.

mobile-snatcher-hangs-train-window-khagaria-viral-video-incident
Image Source: Social Media

Khagaria News: बिहार के खगड़िया जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने लोगों को हैरान कर दिया. मोबाइल चोरी की नीयत से चलती ट्रेन में चढ़े एक युवक की चाल उसी पर भारी पड़ गई. जैसे ही उसने खिड़की के पास बैठे यात्री का मोबाइल झपटने की कोशिश की, यात्रियों ने फुर्ती दिखाते हुए उसका हाथ पकड़ लिया. इसी बीच ट्रेन ने रफ्तार पकड़ ली और आरोपी बाहर की तरफ खिड़की से लटका रह गया. बताया जा रहा है कि वह मानसी स्टेशन से खगड़िया स्टेशन तक करीब 8 किलोमीटर की दूरी इसी खतरनाक स्थिति में तय करता रहा. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

मोबाइल छीनने की कोशिश बनी बड़ी मुसीबत

जानकारी के अनुसार घटना जनहित एक्सप्रेस में हुई, जहां एक यात्री खिड़की के पास बैठकर मोबाइल चला रहा था. इसी दौरान आरोपी ने बाहर से मोबाइल छीनने की कोशिश की. हालांकि यात्री और आसपास बैठे लोगों ने तुरंत उसका हाथ पकड़ लिया. ट्रेन चलने के कारण आरोपी अपना हाथ नहीं छुड़ा सका और खिड़की के बाहर ही लटका रह गया. यात्रियों ने उसे मजबूती से पकड़े रखा ताकि वह भाग न सके.

8 किलोमीटर तक खिड़की से लटका रहा युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन मानसी स्टेशन से रवाना हो चुकी थी और आरोपी लगातार बाहर लटका रहा. इस दौरान ट्रेन के अंदर मौजूद यात्री उससे पूछताछ करते रहे, जबकि युवक बार-बार खुद को छोड़ देने की गुहार लगाता दिखाई दिया. करीब 8 किलोमीटर तक यह सिलसिला चलता रहा और आखिरकार ट्रेन खगड़िया स्टेशन पहुंची, जहां पहले से मौजूद रेलवे पुलिस ने स्थिति को संभाला.

स्टेशन पहुंचते ही जीआरपी ने हिरासत में लिया

ट्रेन के खगड़िया स्टेशन पहुंचने के बाद जीआरपी के जवानों ने सावधानी के साथ आरोपी को नीचे उतारा. इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

वायरल वीडियो ने खींचा लोगों का ध्यान

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है. वीडियो में साफ दिखाई देता है कि आरोपी ट्रेन की खिड़की के बाहर लटका हुआ है, जबकि अंदर बैठे यात्री उसका हाथ पकड़े हुए हैं. लोग इस घटना को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कई लोगों ने यात्रियों की सतर्कता की सराहना की, वहीं कुछ ने चलती ट्रेन में इस तरह की घटना को बेहद खतरनाक बताया.

यात्रियों से सतर्क रहने की अपील

रेलवे पुलिस का कहना है कि ट्रेन में यात्रा के दौरान मोबाइल या अन्य कीमती सामान का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए. खिड़की या दरवाजे के पास मोबाइल इस्तेमाल करने से झपटमारी की घटनाएं हो सकती हैं. पुलिस ने यात्रियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना रेलवे सुरक्षा बल या जीआरपी को देने की अपील की है.

ये भी पढ़ें: वियतनाम में भारतीय पर्यटकों से भरी नाव पलटी, दूतावास ने शुरू किया हेल्पलाइन और कंट्रोल रूम