Mirzapur The Movie Box Office Collection: ‘मिर्जापुर द मूवी’ का बॉक्स ऑफिस पर दबदबा लगातार बना हुआ है. पॉपुलर हिंदी वेब सीरीज पर बनी इस फिल्म को लेकर शुरुआत में कुछ लोगों को शक था कि यह सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन कर पाएगी या नहीं. लेकिन फिल्म ने अपनी कमाई से इन सभी अटकलों को गलत साबित कर दिया है.
रिलीज के दो हफ्ते पूरे करने के बाद फिल्म अब तीसरे हफ्ते में पहुंच गई है. इस दौरान यह इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ के फाइनल रिटर्न ऑन इन्वेस्टमेंट को भी पीछे छोड़ चुकी है. आइए जानते हैं कि फिल्म ने 15वें दिन कितनी कमाई की.
‘मिर्जापुर द मूवी’ ने 15वें दिन कितना किया कलेक्शन?
पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु शर्मा और अली फजल जैसे कलाकारों वाली ‘मिर्जापुर द मूवी’ की कमाई अब भी मजबूत बनी हुई है. फिल्म ने पहले हफ्ते में 148.45 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. दूसरे हफ्ते में कमाई थोड़ी धीमी हुई, लेकिन फिर भी फिल्म ने 55 करोड़ रुपये जुटाए.
अब फिल्म तीसरे हफ्ते में पहुंच चुकी है. रिलीज के 15वें दिन यानी तीसरे शुक्रवार को इसकी कमाई में और गिरावट देखने को मिली, लेकिन फिल्म ने फिर भी करोड़ों रुपये का कारोबार किया.
सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने 15वें दिन 2.75 करोड़ रुपये कमाए. इसके साथ ही भारत में फिल्म की 15 दिनों की कुल नेट कमाई 206.20 करोड़ रुपये हो गई है. वहीं, भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 245.64 करोड़ रुपये पहुंच चुका है.
‘मिर्जापुर द मूवी’ ने ‘आवारापन 2’ के प्रॉफिट को दी मात
‘मिर्जापुर द मूवी’ करीब 90 करोड़ रुपये के बजट में बनी है. फिल्म ने अब तक 206.20 करोड़ रुपये की नेट कमाई कर ली है. इस हिसाब से 15 दिनों में फिल्म ने 116.20 करोड़ रुपये का रिटर्न ऑन इन्वेस्टमेंट हासिल किया है. इसके साथ ही इसने ‘आवारापन 2’ को पीछे छोड़ दिया है, जिसका ROI 111.12 करोड़ रुपये था.
ROI के हिसाब से ‘मिर्जापुर द मूवी’ अब 2026 की बॉलीवुड की तीसरी सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली फिल्म बन गई है. इससे आगे ‘धुरंधर 2’ 961.32 करोड़ रुपये और ‘हनुमान अंश’ 241.58 करोड़ रुपये के ROI के साथ हैं. आंकड़ों के मुताबिक, ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 129.11 प्रतिशत का प्रॉफिट कमाया है. इस प्रदर्शन के साथ फिल्म को ‘हिट’ माना जा रहा है.
‘मिर्जापुर द मूवी’ के बारे में
क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘मिर्जापुर द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है. इसे एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा, जितेंद्र कुमार और रवि किशन समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं.
ये भी पढ़ें- बस इतने दिन... और पाकिस्तानियों का हो जाएगा हाल बेहाल, हूती लड़ाकों ने कर दिया ये कांड