Meesho New Logo: ऑनलाइन शॉपिंग साइट चलाने वाली कंपनी मीशो ने अपना नया लोगो रिवील किया है. कंपनी की ओर से एक नया ऐड जारी किया गया है, जिसमें लोगो के साथ ये भी दिखाया गया है कि कैसे ये कंपनी ग्राहकों को सुविधा पहुंचाएगी. कंपनी का लक्ष्य लाखों लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों के साथ-साथ फैशन से लेकर हर एक चीज को पूरा करना है. वह वन-स्टॉप हॉरिजॉन्टल प्लेटफॉर्म बनना चाहता है, ताकि लोगों को कहीं और ना जाना पड़ें.
मीशो ने अपने नए लोगो में मौजूदा 'M' में कोई बदलाव नहीं किया है. लेकिन इसके रंग को पूरी तरह से बदल दिया है. नए रंग में 'जामुनी' और 'आम' यानी पीले रंग का इस्तेमाल किया है. इस रंग में 'जमुनी' का संबंध आकांक्षा से है और 'आम' को स्वागत करने के रूप में देखा जा रहा है. इससे पहले पुराने लोगो में गुलाबी और सफेद कलर से meesho लिखा था.
कस्टमर्स को आकर्षित करने के लिए Meesho ने एक नया प्रमोशनल ट्रैक भी लॉन्च किया है. इसमें कहा गया है कि 'सभी अच्छी चीजें एक टिंग टोंग के साथ आती हैं'. यह ट्रैक एप पर क्लिक करने पर पुश नोटिफिकेशन ऑर्डर करने पर प्ले होता है. कंपनी ने इसे 8 भाषाओं में लॉन्च किया है. जिसमें, हिंदी, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, तेलुगु, मराठी, तमिल, और ओडिया शामिल है.
मिली जानकारी के मुताबिक मीशो कंपनी के संस्थापक और सीईओ विदित आत्रे (Vidit Aatrey) ने बताया है कि ये बदलाव पिछले सालों में हुए कामों को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि 5 साल पहले मीशो ज्यादातर महिलाओं के फैशन पर ही ध्यान देता था. लेकिन अब कंपनी हर एक जेंडर्स तक अपनी सर्विस पहुंचाएगी. बता दें कि इस काम के लिए लैंडर एंड फिच ने Meesho के साथ साझेदारी की है.