MacDonald's Shravan Special Burger: श्रावण का महीना शुरू होते ही बड़ी संख्या में लोग अपनी धार्मिक मान्यताओं के अनुसार व्रत और उपवास रखते हैं. इस दौरान खान-पान को लेकर खास सावधानी बरती जाती है और आमतौर पर कुट्टू, सिंघाड़े के आटे या फलाहार से बनी चीजों को प्राथमिकता दी जाती है. लेकिन अगर व्रत के बीच बर्गर खाने की इच्छा होने लगे तो क्या किया जाए? इसी सवाल ने सोशल मीडिया पर एक नए मेन्यू को चर्चा में ला दिया है. McDonald’s का बताया जा रहा श्रावण स्पेशल मेन्यू लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है और इसकी वजह इसका अलग अंदाज है.
कुट्टू या सिंघाड़े के आटे से नहीं बना बर्गर
श्रावण स्पेशल मेन्यू में शामिल बर्गर को लेकर सबसे ज्यादा सवाल इसके बेस को लेकर उठ रहे हैं. हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक यह बर्गर कुट्टू या सिंघाड़े के आटे से तैयार नहीं किया गया है. इस मेन्यू में प्याज और लहसुन का इस्तेमाल नहीं किया गया है, जबकि इसके साथ बिना नमक वाले फ्राइज भी दिए जाने की बात सामने आई है. इसके अलावा मेन्यू में कुछ अन्य विकल्प भी शामिल बताए जा रहे हैं, जिन्हें श्रावण के दौरान खान-पान की अलग-अलग मान्यताओं को ध्यान में रखकर पेश किया गया है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ श्रावण स्पेशल मेन्यू
McDonald’s के इस स्पेशल मेन्यू की जानकारी सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया. कुछ यूजर्स ने इसे व्रत के दौरान बर्गर की क्रेविंग का मजेदार समाधान बताया, तो कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि अगर व्रत में बर्गर ही खा लिया जाए तो उपवास का उद्देश्य क्या रह जाएगा. एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि अब अगला ऑफर फलाहारी McAloo Tiki का आ सकता है. इसके बाद सोशल मीडिया पर ऐसे कई मजेदार कमेंट्स देखने को मिले.
धार्मिक मान्यताओं के बीच फूड ब्रांड का नया प्रयोग
श्रावण के दौरान खान-पान को लेकर लोगों की अपनी-अपनी धार्मिक मान्यताएं होती हैं और हर व्यक्ति अलग नियमों का पालन करता है. ऐसे में किसी भी स्पेशल मेन्यू को व्रत के लिए उपयुक्त मानने से पहले उसके इस्तेमाल किए गए सभी ingredients और अपनी व्यक्तिगत मान्यता को ध्यान में रखना जरूरी है. फिलहाल McDonald’s के श्रावण स्पेशल मेन्यू को लेकर सोशल मीडिया पर उत्सुकता बनी हुई है और बर्गर के साथ व्रत का यह अनोखा कनेक्शन लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है.
ये भी पढ़ें: रात 11 बजे तक खाते हैं खाना? बढ़ सकता है डायबिटीज का खतरा, आज ही बदलें आदत