नई दिल्ली: दिल्ली के कई रिहायशी इलाकों में तेजी से स्पा और मसाज सेंटर खुलने से स्थानीय निवासियों की परेशानियां बढ़ गई हैं. कई बार इन केंद्रों को लेकर सुरक्षा, शांति और स्वच्छता के सवाल उठे हैं. इस बीच, नगर निगम ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए एक अहम निर्णय लिया है, जिससे अब रिहायशी इलाकों में ऐसे केंद्रों के खुलने पर प्रतिबंध लग जाएगा.
MCD ने लिया ठोस फैसला
स्थानीय निवासी लगातार अपने जनप्रतिनिधियों के जरिए इस मसले को उठाते रहे और उनकी शिकायतें MCD के सामने पहुंचीं. शुक्रवार को हुई नगर निगम की बैठक में भाजपा पार्षद शरद कपूर ने इस मुद्दे पर एक प्रस्ताव रखा. उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाकों में स्पा और मसाज सेंटर के बढ़ते प्रकोप से आस-पास के माहौल पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है. इस प्रस्ताव को सदन में सर्वसम्मति से मंजूरी मिल गई.
अब रिहायशी इलाकों में स्पा-सेंटर खोलने पर प्रतिबंध
नगर निगम के मेयर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि जनता की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है. प्रस्ताव के मुताबिक, अब केवल पूरी तरह से कमर्शियल क्षेत्रों, शॉपिंग मॉल्स और व्यावसायिक सड़कों पर ही स्पा और मसाज सेंटर को लाइसेंस दिया जाएगा. इससे रिहायशी इलाकों में इस तरह के केंद्रों की संख्या में कमी आएगी और स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी.
वर्तमान लाइसेंस नीति में बदलाव जरूरी
MCD के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी की गई लाइसेंस नीति में अब संशोधन किया जाएगा ताकि रिहायशी कॉलोनियों में ऐसे केंद्रों की स्थापना पर रोक लगाई जा सके. पिछले कुछ वर्षों में कई मिक्स-लैंड यूज और रिहायशी क्षेत्रों में स्पा और मसाज सेंटर तेजी से खुल गए थे, जो स्थानीय निवासियों के लिए चिंता का विषय बन चुके थे.
ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में तेजी से फैल रहा H3N2 फ्लू, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज, यहां जानें बचने के तरीके