Greater Noida Fire: ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली फैक्ट्री में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई. आग बुझाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. फैक्ट्री की एक दीवार और लोहे का भारी बीम अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से पांच दमकलकर्मी घायल हो गए. इनमें से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य का अस्पताल में इलाज चल रहा है. उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
देर रात लगी आग, मौके पर पहुंचीं राहत टीमें
पुलिस के मुताबिक, 3 और 4 अगस्त की रात ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में स्थित ILGIM कंपनी में आग लगने की सूचना मिली थी. यह कंपनी इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने का काम करती है. सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और दूसरी राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं. कई दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया गया. काफी मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया गया.
आग बुझाते समय हुआ बड़ा हादसा
जब दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे थे, तभी फैक्ट्री की एक साइड की दीवार और लोहे का भारी बीम अचानक गिर गया. इसके नीचे दबकर फायर सर्विस के पांच कर्मचारी घायल हो गए.
घायलों में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, अमित कुमार और रोहित यादव शामिल हैं. सभी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया.
दो दमकलकर्मियों ने गंवाई जान
अस्पताल में इलाज के दौरान फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह की मौत हो गई. वहीं, राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार का इलाज जारी है. पुलिस के अनुसार, तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है.
SDRF और पुलिस ने चलाया राहत अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. SDRF की टीम को भी राहत और बचाव कार्य में लगाया गया. पूरे फैक्ट्री परिसर की जांच की गई ताकि यह पता चल सके कि अंदर कोई और व्यक्ति तो फंसा नहीं है. फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है और स्थिति सामान्य है.
आग लगने की वजह की होगी जांच
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि फैक्ट्री में आग कैसे लगी. पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं. साथ ही यह भी देखा जाएगा कि फैक्ट्री में सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं. दीवार और लोहे का बीम क्यों गिरा, इसकी भी जांच की जाएगी. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
ये भी पढ़ें- Weather Update: असम में बाढ़ से तबाही, 87 लोगों की मौत, केरल में भी भूस्खलन और बारिश ने ली 15 लोगों की जान