Khyber Pakhtunkhwa Blast: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक बड़ा आत्मघाती हमला हुआ है. इस हमले में 12 सैनिकों समेत कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई. पाकिस्तान सेना ने शुक्रवार को इस घटना की पुष्टि की. सेना के अनुसार, हमला एक सुरक्षा चौकी पर किया गया. मरने वालों में 12 सैनिक, 2 पुलिसकर्मी और वन विभाग का एक पूर्व अधिकारी शामिल हैं.
कैसे हुआ हमला?
पाकिस्तान सेना के मुताबिक, हमलावरों ने विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी को सुरक्षा चौकी की दीवार से टकरा दिया. इसके बाद जोरदार धमाका हुआ, जिससे चेक पोस्ट को भारी नुकसान पहुंचा. सेना ने दावा किया कि जवाबी कार्रवाई में 12 आतंकवादियों को भी मार गिराया गया.
किसी संगठन ने नहीं ली जिम्मेदारी
फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है. हालांकि, जिस इलाके में हमला हुआ, वहां तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) का प्रभाव माना जाता है.
पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर बढ़ा तनाव
पाकिस्तान लंबे समय से खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में बढ़ते आतंकी हमलों के लिए अफगानिस्तान से आने वाले उग्रवादियों को जिम्मेदार ठहराता रहा है. वहीं, अफगानिस्तान की तालिबान सरकार इन आरोपों से इनकार करती है.
हाल के महीनों में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की सीमा के अंदर हवाई हमले भी किए हैं. पाकिस्तान का कहना है कि उसने आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया, जबकि तालिबान प्रशासन और संयुक्त राष्ट्र का दावा है कि इन हमलों में कई आम नागरिकों की भी मौत हुई. इन घटनाओं के बाद पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है.
ये भी पढ़ें- केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने रेल राज्य मंत्री पद से दिया इस्तीफा, राष्ट्रपति मुर्मू ने किया मंजूर