एक सवाल का जवाब, और 22 साल की लड़की बन गई Miss Universe India; ग्लोबल मंच पर उतरने की तैयारी

Manika Vishwakarma: राजस्थान की धरती एक बार फिर गर्व से मुस्कुरा उठी है. श्रीगंगानगर जिले की रहने वाली मनिका विश्वकर्मा ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 का ताज जीतकर न सिर्फ अपने राज्य का, बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है.

Manika Vishwakarma Become miss univere india 2025 know more
Image Source: Social Media/ Miss Universe India

Manika Vishwakarma: राजस्थान की धरती एक बार फिर गर्व से मुस्कुरा उठी है. श्रीगंगानगर जिले की रहने वाली मनिका विश्वकर्मा ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 का ताज जीतकर न सिर्फ अपने राज्य का, बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है. अब वह नवंबर में थाईलैंड में आयोजित होने जा रही 74वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी.

मनिका की जीत सिर्फ उनकी खूबसूरती की नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास, तेज़ दिमाग और समाज के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है. जहां एक ओर मंच पर उनकी मुस्कान सबका दिल जीत रही थी, वहीं दूसरी ओर उनके जवाबों में झलक रहा था एक संवेदनशील सोच रखने वाला युवा मस्तिष्क.

श्रीगंगानगर से थाईलैंड तक

मनिका विश्वकर्मा का जन्म राजस्थान के श्रीगंगानगर में हुआ, लेकिन इस वक्त वे दिल्ली में रहकर पॉलिटिकल साइंस और इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएशन कर रही हैं. वे फाइनल ईयर की छात्रा हैं. पढ़ाई के साथ-साथ वे क्लासिकल डांस, पेंटिंग और सोशल वर्क में भी एक्टिव हैं. यही नहीं, उन्होंने मिस यूनिवर्स राजस्थान 2024 का खिताब भी अपने नाम किया था, जो उनके राष्ट्रीय स्तर की इस उपलब्धि की ओर पहला कदम था.

कॉम्पिटिशन में चमका आत्मविश्वास

फाइनल राउंड के दौरान मनिका से एक बेहद गंभीर और सोचने पर मजबूर कर देने वाला सवाल पूछा गया.

सवाल:

"अगर आपको महिलाओं की शिक्षा और गरीब परिवारों को आर्थिक मदद देने के बीच चयन करना हो तो आप किसे प्राथमिकता देंगी और क्यों? साथ ही, इसके खिलाफ उठे तर्कों का आप कैसे जवाब देंगी?"

मनिका का जवाब:

"ये दो अलग-अलग पहलू हैं. महिलाओं को शिक्षा से वंचित रखा गया है और इसी कारण गरीबी भी बढ़ी है. अगर मुझे चुनना हो तो मैं महिलाओं की शिक्षा को प्राथमिकता दूंगी, क्योंकि शिक्षा एक ऐसा साधन है जो न केवल एक व्यक्ति का, बल्कि पूरे देश और दुनिया का भविष्य बदल सकता है. दोनों मुद्दे महत्वपूर्ण हैं, लेकिन लॉन्ग टर्म में शिक्षा का प्रभाव कहीं ज्यादा गहरा होता है."

उनके इस जवाब ने जज पैनल को गहराई से प्रभावित किया और उन्हें मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 के ताज का असली हकदार बना दिया.

मनिका की स्किल्स और सामाजिक योगदान

कला और रचनात्मकता: वे क्लासिकल डांस में ट्रेन्ड हैं और शानदार पेंटिंग भी करती हैं. उनकी कला को ललित कला एकेडमी और जेजे स्कूल ऑफ आर्ट्स जैसे संस्थानों ने सम्मानित किया है.

इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म: मनिका BIMSTEC Sewocon जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं. यह कार्यक्रम भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा आयोजित किया गया था.

सोशल वर्क: उन्होंने ‘न्यूरोनोवा’ नाम का एक मंच शुरू किया है जो न्यूरोडायवर्जेंस, खासकर ADHD जैसी स्थितियों पर जागरूकता फैलाता है.

भारत की उम्मीद बनकर जाएंगी थाईलैंड

अब सबकी निगाहें नवंबर में थाईलैंड में होने वाली 74वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां मनिका भारत की प्रतिनिधि बनकर ग्लोबल मंच पर उतरेंगी. उनकी उपलब्धि सिर्फ एक व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि हर उस लड़की के लिए प्रेरणा है जो सपने देखती है और उन्हें पूरा करने की हिम्मत रखती है.

यह भी पढ़ें- वो पाप धोने वाली मशीन नहीं... प्रेमानंद महाराज को लेकर बोले खेसारी लाल, जानें सोशल मीडिया पर क्यों छिड़ी बहस