हार के बाद ममता बनर्जी का इस्तीफे से इंकार, अब बंगाल में कैसे बनेगी बीजेपी सरकार? ये हैं दो विकल्प

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत और टीएमसी की हार के बावजूद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से साफ इनकार कर दिया है. उनका कहना है कि “हम चुनाव नहीं हारे हैं, इसलिए इस्तीफे का सवाल ही नहीं है.

Mamata Banerjee will no resign How will new government be formed
Image Source: Social Media

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत और टीएमसी की हार के बावजूद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से साफ इनकार कर दिया है. उनका कहना है कि “हम चुनाव नहीं हारे हैं, इसलिए इस्तीफे का सवाल ही नहीं है. हम नैतिक रूप से विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं. मैं लोकभवन जाकर इस्तीफा नहीं दूंगी.” इस स्थिति ने राजनीतिक और संवैधानिक सवाल खड़े कर दिए हैं कि अगर हारने वाली पार्टी का नेता पद छोड़ने से इनकार करता है तो आगे क्या प्रक्रिया अपनाई जाएगी.

संवैधानिक नियम क्या कहते हैं?

अनुच्छेद 164 के अनुसार, राज्यपाल ही मुख्यमंत्री की नियुक्ति और हटाने का अधिकार रखते हैं. यदि मुख्यमंत्री चुनाव हारने के बाद भी इस्तीफा देने से इनकार करते हैं और उनकी पार्टी सदन में बहुमत खो चुकी है, तो राज्यपाल उन्हें पद से हटा सकते हैं. यह व्यवस्था सुनिश्चित करती है कि विधानसभा में बहुमत वाली पार्टी ही सरकार चलाए. पश्चिम बंगाल के हालिया चुनाव परिणाम भाजपा की स्पष्ट बहुमत वाली स्थिति को दर्शा रहे हैं, जबकि टीएमसी के पास सिर्फ 80 सीटें हैं.

राज्यपाल के विकल्प

पहला विकल्प यह है कि राज्यपाल संवैधानिक परंपराओं के तहत विधानसभा का विशेष सत्र बुला सकते हैं. इस सत्र में मुख्यमंत्री को बहुमत साबित करने के लिए अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा. चूंकि भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत है, अविश्वास प्रस्ताव पारित होने पर ममता बनर्जी को पद छोड़ना पड़ेगा.

दूसरा विकल्प, अगर मुख्यमंत्री हार के बावजूद पद पर बने रहते हैं, तो इसे संवैधानिक मशीनरी की विफलता माना जाएगा. ऐसी स्थिति में राज्यपाल केंद्र सरकार को रिपोर्ट भेजकर अनुच्छेद 356 के तहत राष्ट्रपति शासन लगाने की सिफारिश कर सकते हैं. राष्ट्रपति शासन लागू होने के बाद राज्य की पूरी कमान केंद्र और राज्यपाल के हाथ में चली जाती है और मुख्यमंत्री की शक्तियां शून्य हो जाती हैं.

ये भी पढ़ें: बंगाल में BJP की प्रचंड जीत का दिखा असर, आसनसोल में 25 सालों से बंद पड़ा दुर्गा मंदिर खुला; देखें VIDEO