USS Benfold News: साउथ चाइना सी में गश्त के दौरान अमेरिकी नौसेना के गाइडेड-मिसाइल डिस्ट्रॉयर USS बेनफोल्ड को बड़ी तकनीकी परेशानी का सामना करना पड़ा. 24 जुलाई को जहाज के जनरेटर में खराबी आने के बाद उसकी बिजली पूरी तरह चली गई.
करीब 10 हजार टन वजनी इस युद्धपोत पर 300 से ज्यादा नौसैनिक मौजूद थे. बिजली गुल होने के कारण उन्हें करीब चार दिनों तक काफी मुश्किल हालात में रहना पड़ा. इस दौरान जहाज पर AC, टॉयलेट, रसोई की सुविधा और पर्याप्त पीने के पानी जैसी जरूरी सुविधाएं प्रभावित रहीं.
32 से 37 डिग्री तापमान में बढ़ी परेशानी
जिस समय यह समस्या आई, उस दौरान इलाके का तापमान करीब 32 से 37 डिग्री के बीच था. इतनी गर्मी में AC बंद होने से नौसैनिकों को काफी परेशानी हुई. बिजली की समस्या का असर जहाज के सामान्य संचालन पर भी पड़ा. क्रू को लंबे समय तक मुश्किल परिस्थितियों में काम करना पड़ा.
हालांकि, अमेरिकी नौसेना के 7वें फ्लीट के अधिकारियों के मुताबिक, संकट के दौरान दूसरे अमेरिकी जहाजों ने USS बेनफोल्ड के क्रू की मदद की. USS रॉबर्ट स्मॉल्स और USS जॉर्ज वाशिंगटन कैरियर स्ट्राइक ग्रुप के दूसरे जहाजों से खाना और जरूरी सामान पहुंचाया गया.
फिलीपींस में हुई मरम्मत
बाद में USS बेनफोल्ड को मरम्मत के लिए फिलीपींस के सुबिक बे ले जाया गया. 8 अगस्त तक इसकी मरम्मत पूरी कर ली गई और इसके बाद युद्धपोत को दोबारा सेवा में भेज दिया गया. अमेरिकी नौसेना के मुताबिक, इस घटना में किसी भी नौसैनिक को चोट नहीं आई. जनरेटर में खराबी की वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है.
इस साल दूसरी बड़ी पावर फेलियर की घटना
इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में इस साल अमेरिकी डिस्ट्रॉयर के साथ बिजली की समस्या की यह दूसरी बड़ी घटना है. इससे पहले मई में USS हिगिंस की पावर और प्रोपल्शन सिस्टम भी कुछ घंटों के लिए बंद हो गई थी. इसके कारण जहाज कुछ समय तक सामान्य तरीके से दिशा बदलने में सक्षम नहीं था. USS बेनफोल्ड और USS हिगिंस दोनों आर्ले बर्क-क्लास गाइडेड-मिसाइल डिस्ट्रॉयर हैं. इन्हें अमेरिकी नौसेना के प्रमुख युद्धपोतों में गिना जाता है.
तनाव के बीच अमेरिकी नौसेना पर बढ़ा दबाव
यह घटना ऐसे समय हुई है जब अमेरिकी नौसेना पर दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में तैनाती का दबाव है. मिडिल ईस्ट में ईरान के साथ तनाव के अलावा इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में भी अमेरिकी नौसेना की गतिविधियां लगातार जारी हैं. नौसेना वेस्टर्न पैसिफिक से USS जॉर्ज वाशिंगटन को मिडिल ईस्ट भेजने की तैयारी भी कर रही है. इसे लंबे समय से वहां तैनात USS अब्राहम लिंकन की जगह भेजे जाने की योजना है.
ये भी पढ़ें- नितिन नवीन ने घोषित की BJP की नई टीम, वसुंधरा राजे समेत 7 महिला नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी, देखें पूरी लिस्ट