Baramulla Terrorist Arrest: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षाबलों ने आतंकियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है. इसी कड़ी में बारामूला जिले के शेरी इलाके में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है. शनिवार को फथागढ़ क्षेत्र में एक आतंकी को गिरफ्तार किया गया.
यह कार्रवाई सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम ने मिलकर की. गिरफ्तार आतंकी के पास से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं.
कुलगाम में आतंकी ठिकाना नष्ट
वहीं, दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में भी सुरक्षाबलों ने आतंकी ठिकाने का पता लगाया. तलाशी अभियान के दौरान वहां से हिजबुल मुजाहिदीन और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े पोस्टर, दवाएं और अन्य सामान बरामद किए गए. इसके बाद सुरक्षाबलों ने उस ठिकाने को नष्ट कर दिया. कुलगाम में श्रमिकों की हत्या के बाद इलाके में लगातार आतंकरोधी अभियान चलाए जा रहे हैं.
लश्कर आतंकी ने दो श्रमिकों को बनाया था निशाना
बता दें कि शुक्रवार रात कुलगाम में आतंकियों ने छत्तीसगढ़ से काम करने आए दो श्रमिकों की हत्या कर दी थी. इस हमले को लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लतीफ बट ने अंजाम दिया. जानकारी के मुताबिक, आरोपी आतंकी घटना से पहले ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले श्रमिकों के बीच करीब 15 से 20 मिनट तक बैठा रहा.
उसने उनसे बातचीत की और उनका नाम पूछा. उसने भरोसा दिलाया कि वह उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचाएगा. इसके बाद उसने अपने पास रखे काले बैग से हथियार निकाला और हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि बैग में उसने असॉल्ट राइफल छिपाकर रखी थी. कुलगाम घटना के बाद सुरक्षाबल पूरे इलाके में सतर्क हैं और आतंकियों की तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं.
ये भी पढ़ें- इंडोनेशिया में समुद्र के बीच यात्री जहाज में लगी भीषण आग, 5 लोगों की मौत, कई अब भी लापता