'नशा मां-बाप के सपने को तोड़ देता है', नशा मुक्त युवा अभियान में बोले पीएम मोदी का मंत्र, देखें Video

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देशभर में युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत की.

Pm modi launch the nasha mukta yuva for viksit bharat sankalp abhiyaan Video
Image Source: ANI

Nasha Mukta Yuva for Viksit Bharat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देशभर में युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत की. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शुरू हुए इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के खतरों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ाना है.

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के लाखों युवाओं ने नशे से दूर रहने का संकल्प लिया है. उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं को नशे जैसी बुरी आदतों को पूरी तरह छोड़ना होगा.

नशा परिवार के सपनों को भी नुकसान पहुंचाता है

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि युवा ही इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत हैं. देश को युवाओं की ऊर्जा और उनकी क्षमता की जरूरत है. उन्होंने कहा कि नशा सिर्फ एक व्यक्ति का जीवन खराब नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करता है.

पीएम मोदी ने कहा कि नशा मां-बाप के उन सपनों को तोड़ देता है जो वे अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए देखते हैं. उन्होंने कहा कि नशे की वजह से कई युवाओं के सपने समय से पहले खत्म हो जाते हैं और इसका असर देश की ताकत पर भी पड़ता है.

युवाओं को ड्रग्स के खतरे समझने की जरूरत

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब भारत विकसित देश बनने के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है, तब युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत होना जरूरी है.

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ड्रग्स और नशे के खतरों को समझें और खुद को इससे दूर रखें. उन्होंने कहा कि जागरूकता और सही सोच के जरिए ही इस समस्या को खत्म किया जा सकता है.

नशे को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करना है

पीएम मोदी ने कहा कि नशे को किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि पूरे देश का सामूहिक संकल्प है.

उन्होंने कहा कि जब देश के लाखों युवा एक साथ नशामुक्त रहने का संकल्प लेते हैं तो इसका असर समाज में बड़े बदलाव के रूप में दिखाई देता है. इस अभियान को आने वाले कई हफ्तों तक लगातार आगे बढ़ाया जाएगा.

स्वस्थ युवा ही बनाएंगे विकसित भारत

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘नशा मुक्त युवा’ अभियान व्यक्ति, परिवार, समाज और पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण है.

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए जरूरी है कि देश के युवा स्वस्थ, आत्मविश्वास से भरे और सकारात्मक सोच वाले हों. नशे की आदत युवाओं की क्षमता को कमजोर करती है, इसलिए इससे दूरी बनाना जरूरी है.

काशी से शुरू हुई थी पहल

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत पिछले साल वाराणसी से एक छोटे स्तर पर की गई थी. अब इसे देशभर में बड़े अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है.

इस मुहिम से 125 से ज्यादा आध्यात्मिक और सामाजिक संगठन जुड़े हैं. सरकार का लक्ष्य है कि युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें देश के विकास में सक्रिय भागीदार बनाया जाए.

ये भी पढ़ें- NEET UG Counselling 2026: 4 अगस्त से शुरू होगी नीट यूजी काउंसलिंग, जानें कब आएगी सीट अलॉटमेंट लिस्ट