Assam Flood: देश के कई राज्यों में मानसून अब भारी तबाही मचा रहा है. केरल और गुजरात में लगातार हो रही तेज बारिश से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. मौसम विभाग (IMD) ने दोनों राज्यों के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है.
केरल में भारी बारिश से 6 लोगों की मौत
केरल में लगातार हो रही बारिश के कारण कई जगह हादसे हुए हैं. अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि छह लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं. बारिश से प्रभावित लोगों की मदद के लिए राज्य में 65 राहत शिविर बनाए गए हैं. इन शिविरों में 1,400 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित रखा गया है.
सबरीमाला जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सलाह
भारी बारिश को देखते हुए त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड और पथानामथिट्टा जिला प्रशासन ने सबरीमाला जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एडवाइजरी जारी की है. 2 और 3 अगस्त को 'निरापुथरी' पर्व के दौरान यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं से कहा गया है कि वे मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करें.
प्रशासन ने बताया कि लगातार बारिश के कारण पंपा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है और भूस्खलन का भी खतरा बना हुआ है. मौसम विभाग ने केरल के 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इनमें पथानामथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड शामिल हैं.
गुजरात में कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट
गुजरात में भी लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ गए हैं. कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है. प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए कई जिलों में अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं. बचाव कार्य के लिए NDRF और SDRF की टीमें लगातार प्रभावित इलाकों में काम कर रही हैं और फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल रही हैं.
27 हजार लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया
IMD ने रविवार के लिए अहमदाबाद, सुरेंद्रनगर, राजकोट, भावनगर, मोरबी और बोटाद जिलों में बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. दक्षिण और मध्य गुजरात के कई इलाकों में शनिवार को भी तेज बारिश हुई. बारिश और जलभराव के कारण सूरत, नवसारी और आसपास के इलाकों से करीब 27 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.
असम में बाढ़ का असर अब भी जारी
असम में बाढ़ की स्थिति में थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन कई जिले अब भी प्रभावित हैं. राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार, बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या घटकर 1.78 लाख रह गई है.
हालांकि प्रभावित जिलों की संख्या बढ़कर सात हो गई है. अच्छी बात यह है कि पिछले 24 घंटे में बाढ़ से किसी नई मौत की खबर नहीं आई है. राज्य में अब तक बाढ़ से 82 लोगों की जान जा चुकी है.
राहत शिविरों में रह रहे हैं हजारों लोग
शिवसागर और नुमालीगढ़ में दिखौ और धनसिरी (दक्षिण) नदियां अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. गोलाघाट, शिवसागर, चराइदेव, बाजाली, धेमाजी, सोनितपुर और जोरहाट जिले अब भी बाढ़ की चपेट में हैं.
फिलहाल राज्य में 218 राहत शिविर चलाए जा रहे हैं, जहां 71,889 लोग रह रहे हैं. इसके अलावा 1,811 राहत वितरण केंद्रों के जरिए लोगों को भोजन, पीने का पानी और दूसरी जरूरी चीजें उपलब्ध कराई जा रही हैं.
ये भी पढ़ें- दुनियाभर में बज रहा भारतीय हथियारों का डंका! फिलीपींस के बाद अब थाईलैंड भी खरीदेगा 'ब्रह्मोस' मिसाइल