Mahindra ने अपनी इलेक्ट्रिक SUV XEV 9S को नए 6-सीटर विकल्प के साथ और ज्यादा प्रीमियम बनाने की कोशिश की है. नए वर्जन में दूसरी रो की बेंच सीट को हटाकर दो अलग-अलग कैप्टन सीट दी गई हैं. इससे यात्रियों को ज्यादा व्यक्तिगत स्पेस और आराम मिलता है. नई 6-सीटर सीटिंग व्यवस्था Pack Two Above, Pack Three और Pack Three Above वैरिएंट में उपलब्ध होगी. हालांकि, सीटिंग कॉन्फिगरेशन के अलावा SUV के डिजाइन, फीचर्स, बैटरी और मोटर में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
7-सीटर से 25 हजार रुपये महंगा है नया मॉडल
Mahindra XEV 9S के 6-सीटर वर्जन की कीमत संबंधित 7-सीटर मॉडल से 25,000 रुपये ज्यादा रखी गई है. इसकी एक्स-शोरूम कीमत 25.25 लाख रुपये से शुरू होकर 30.15 लाख रुपये तक जाती है. दूसरी रो में मिलने वाली दोनों कैप्टन सीटों के साथ अलग आर्मरेस्ट दिए गए हैं, जबकि सीटों के बीच वॉक-थ्रू स्पेस रखा गया है. इससे तीसरी रो में बैठने वाले यात्रियों तक पहुंचना भी आसान हो जाता है. इस तरह SUV में 2 2 2 सीटिंग लेआउट मिलता है, जो खासतौर पर उन ग्राहकों को पसंद आ सकता है जो पीछे की सीटों में ज्यादा आराम और प्राइवेट स्पेस चाहते हैं.
679 किलोमीटर तक की रेंज देती है इलेक्ट्रिक SUV
XEV 9S को Mahindra के INGLO इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है और इसमें दो बैटरी विकल्प मिलते हैं. 59kWh बैटरी वाले मॉडल में 228bhp की इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है, जो 380Nm टॉर्क जनरेट करती है. कंपनी के मुताबिक, यह वर्जन एक बार चार्ज करने पर 521 किलोमीटर तक की रेंज दे सकता है. वहीं, 79kWh बैटरी वाला मॉडल 281bhp की पावर और 380Nm टॉर्क के साथ आता है और इसकी दावा की गई रेंज 679 किलोमीटर तक है. नए 6-सीटर मॉडल में बैटरी और मोटर से जुड़ा कोई बदलाव नहीं किया गया है.
प्रीमियम फीचर्स से लैस है XEV 9S
कैप्टन सीट के नए विकल्प के बावजूद XEV 9S के फीचर सेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है. इलेक्ट्रिक SUV में तीन 12.3-इंच स्क्रीन, VisionX ऑगमेंटेड रियलिटी हेड-अप डिस्प्ले, Level 2 ADAS और 16-स्पीकर Harman Kardon ऑडियो सिस्टम जैसे फीचर्स मिलते हैं. इसके ऊंचे वेरिएंट्स में आगे और पीछे की सीटों के लिए वेंटिलेशन और पैनोरमिक सनरूफ भी दिया गया है. इसके अलावा पीछे AC वेंट और 65W USB चार्जिंग पोर्ट जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं, जिससे लंबे सफर में पैसेंजर्स का आराम बढ़ता है.
EV बाजार में Mahindra की बढ़ रही पकड़
XEV 9S जैसे इलेक्ट्रिक SUV मॉडल्स के दम पर Mahindra भारतीय EV बाजार में अपनी स्थिति लगातार मजबूत कर रही है. 2026 की पहली छमाही में कंपनी की EV बिक्री जनवरी से जून के बीच 147 प्रतिशत बढ़कर 34,131 यूनिट तक पहुंच गई. इसी अवधि में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी भी 17 प्रतिशत से बढ़कर 23 प्रतिशत हो गई. मार्च 2026 में Mahindra ने JSW MG Motor को पीछे छोड़कर EV बाजार में दूसरा स्थान हासिल किया था और पहली छमाही के अंत तक इस स्थिति को बरकरार रखा. ऐसे में XEV 9S का नया 6-सीटर विकल्प कंपनी को प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में अपनी पकड़ और मजबूत करने में मदद कर सकता है.
ये भी पढ़ें: Royal Enfield Classic 350 का गोरखा एडिशन हुआ लॉन्च, जानिए कीमत और खासियत