भोपाल, चुनाव डेस्क: मध्य प्रदेश की सभी 230 सीटों पर मतगणना जारी है. अब तक के रुझान यही बता रहे हैं कि मध्य प्रदेश में बंपर सीटों के साथ भारतीय जनता पार्टी फिर सरकार बनाने जा रही है. मध्य प्रदेश में इस जीत के पीछे मोदी सरकार की नीतियों के साथ कई अन्य फैक्टर भी हैं. जानकारों की मानें तो भाजपा की इस बंपर जीत में एक बड़ा योगदान लाड़ली बहना योजना (Ladli Bahna Yojana) का भी है.
यहां पर बता दें कि इस योजना की शुरुआत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की है. इसके तहत लाड़ली बहनों के खातों में 1250 रुपये आते हैं. पहले बैंक खातें में 1000 रुपये आते थे. कुछ महीने पहले शिवराज सिंह ने इस राशि को 1000 रुपये से बढ़ाकर 1250 कर दिया था और भविष्य में इस राशि को पहले 1750, फिर 2000 और इसी तरीके से बढ़ाते हुए 3000 रुपये किया जाएगा, इसका एलान भी हो चुका है.
लाड़ली बहना योजना के लिए अब मध्य प्रदेश की 21 वर्ष की महिलाएं भी फॉर्म भर सकती हैं. पूर्व में यह उम्र 23 वर्ष थी और फिर इसके बाद लाडली बहना योजना का लाभ पाने के लिए महिलाओं की उम्र सीमा घटाकर 23 वर्ष की जगह 21 साल कर हो गई है.
यह है शर्त
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पहले ही कह चुके हैं कि महिलाएं इस योजना के तहत मिलने वाले लाभ से परिवार को मजबूत बनाने में कर सकती हैं. योजना में मिलने वाली राशि से महिलाएं अपने बच्चों के लिए दूध, फल और सब्जी की व्यवस्था कर सकेंगी. अब बहनों को हर महीने एक हजार रुपये यानी साल में 12 हजार और 5 साल में 60 हजार रुपये मिलेंगे.