रक्षाबंधन पर मायके जाने के बहाने प्रेमी संग फरार हुई पत्नी, 19 दिन पहले हुई शादी, पुलिस ने ऐसे पकड़ा

बिहार के मधेपुरा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. रक्षाबंधन पर पत्नी को मायके छोड़ने जा रहे एक युवक को उस समय बड़ा झटका लगा, जब वह मिठाई लेने गया और वापस लौटा तो पत्नी गायब थी.

Madhepura Wife elopes with lover husband went to buy sweets for Raksha Bandhan
Image Source: Social Media

मधेपुरा: बिहार के मधेपुरा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. रक्षाबंधन पर पत्नी को मायके छोड़ने जा रहे एक युवक को उस समय बड़ा झटका लगा, जब वह मिठाई लेने गया और वापस लौटा तो पत्नी गायब थी. आसपास काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिवार ने पुलिस को सूचना दी. जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा निकला. पुलिस ने करीब दो घंटे के अंदर युवती को बरामद कर उसके कथित प्रेमी को भी पकड़ लिया.

शादी के 19 दिन बाद पत्नी फरार

मामला मधेपुरा जिले के चौसा थाना क्षेत्र के चौसा बस स्टैंड का है. पुलिस के अनुसार, भागलपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चकरामी निवासी पिंटू कुमार की शादी पूर्णिया जिले के बड़हरा कोठी थाना क्षेत्र के सुखसेना निवासी तारावती कुमारी से 7 अगस्त को हुई थी. शादी के करीब 19 दिन बाद रक्षाबंधन के मौके पर पिंटू पत्नी को उसके मायके छोड़ने के लिए बाइक से निकला था.

दोनों जब पूर्णिया-मधेपुरा सीमा के पास चौसा बस स्टैंड पहुंचे तो कुछ देर वहां रुके. इसी दौरान तारावती ने पति से रक्षाबंधन के लिए मिठाई खरीदने को कहा. पिंटू पत्नी को वहीं छोड़कर पास की दुकान पर मिठाई लेने चला गया. आरोप है कि इसी दौरान तारावती वहां से चली गई.

पिंटू मिठाई लेकर वापस आया तो पत्नी बाइक के पास नहीं थी. उसने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. इसके बाद उसने ससुराल वालों को जानकारी दी. परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे और युवती की तलाश शुरू की.

रात 12 बजे पुलिस को मिली सूचना

काफी तलाश के बाद भी तारावती का पता नहीं चला तो रात करीब 12 बजे डायल-112 को सूचना दी गई. पुलिस टीम में राहुल राज और चालक चंद्रशेखर यादव शामिल थे. टीम ने परिजनों से जानकारी लेने के बाद मोबाइल टावर लोकेशन और दूसरे सुरागों के आधार पर युवती की तलाश शुरू की.

जांच के दौरान पुलिस कथित प्रेमी उत्कर्ष कुमार के परबत्ता थाना क्षेत्र के बोरवा स्थित घर पहुंची. पुलिस ने उत्कर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि तारावती को उसकी मां के घर राघोपुर बहतरा में रखा गया है.

कथित प्रेमी के घर से मिली जानकारी

जानकारी मिलने के बाद डायल-112 की दूसरी टीम को इसकी सूचना दी गई. वैशाली चौक की टीम में नागेश्वर साह और चालक संजय यादव शामिल थे. टीम राघोपुर बहतरा पहुंची. पुलिस के मुताबिक, रात करीब 12 बजे सूचना मिलने के करीब दो घंटे बाद नवविवाहिता को वहां से बरामद कर लिया गया.

पुलिस ने कथित प्रेमी उत्कर्ष कुमार को भी पकड़ लिया. इसके बाद तारावती और उत्कर्ष को जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए परबत्ता थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया.

शादी से पहले प्रेम प्रसंग का दावा

पुलिस और परिजनों के अनुसार, तारावती का शादी से पहले उत्कर्ष कुमार के साथ कथित प्रेम संबंध था. परिवार को इसकी जानकारी होने की बात भी सामने आई है. इसके बाद परिजनों ने उसकी शादी पिंटू कुमार से करा दी थी.

आरोप है कि रक्षाबंधन पर मायके जाने की जानकारी तारावती ने पहले ही उत्कर्ष को दे दी थी. चौसा बस स्टैंड पहुंचने के बाद उसने पति को मिठाई लेने भेजा और इसी दौरान कथित प्रेमी की बाइक पर बैठकर वहां से चली गई.

शादी के महज 19 दिन बाद सामने आए इस मामले से इलाके में चर्चा शुरू हो गई. फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.