Ludhiana News: शादी के बाद पति-पत्नी के रिश्ते को नई शुरुआत माना जाता है, लेकिन पंजाब के लुधियाना से सामने आया एक मामला रिश्ते की परिभाषा पर सवाल खड़े कर रहा है. यहां प्रेम विवाह करने वाली एक नवविवाहिता शादी के महज दो महीने बाद अपने 14 वर्षीय नाबालिग देवर के साथ अचानक घर से लापता हो गई. परिवार का आरोप है कि महिला नाबालिग को अपने साथ बहला-फुसलाकर ले गई है. घटना के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर महिला की तलाश शुरू कर दी गई है.
प्रेम विवाह के दो महीने बाद अचानक हुई गुमशुदगी
यह मामला लुधियाना के मेहरबान थाना क्षेत्र का है. शिकायतकर्ता सुरेश सिंह के अनुसार उनके बड़े बेटे सन्नी सिंह ने करीब दो महीने पहले मुस्कान नाम की युवती से प्रेम विवाह किया था. दोनों की मुलाकात एक फैक्ट्री में काम करने के दौरान हुई थी और बाद में परिवार की सहमति से दोनों ने शादी कर ली. परिवार में सबसे छोटा बेटा 14 साल का है, जो स्कूल की छुट्टियों के चलते इन दिनों घर पर ही रह रहा था.
घर में साथ रहने के दौरान बढ़ीं नजदीकियां
परिजनों का कहना है कि शादी के बाद मुस्कान और उसके नाबालिग देवर के बीच काफी नजदीकियां बढ़ गई थी. परिवार के अन्य सदस्य दिन में अपने-अपने काम पर चले जाते थे, जबकि घर पर मुस्कान, उसकी सास और छोटा बेटा ही मौजूद रहते थे. आरोप है कि इसी दौरान महिला ने धीरे-धीरे नाबालिग के साथ करीबी संबंध बना लिए और उस पर अपना प्रभाव बढ़ा लिया.
सहेली के आने के बाद बदला घटनाक्रम
परिवार के मुताबिक घटना से एक दिन पहले मुस्कान ने अपनी एक सहेली को घर बुलाया था, जिसने पूरी रात वहीं बिताई. अगले दिन सुबह जब परिवार के पुरुष सदस्य काम पर निकल गए तो दोपहर के समय मुस्कान अपनी सहेली और नाबालिग देवर के साथ घर से निकल गई. उस वक्त घर में मौजूद सास घरेलू कामों में व्यस्त थीं, इसलिए उन्हें किसी तरह की भनक नहीं लगी.
सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग
जब तीनों काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो परिवार ने उनकी तलाश शुरू की. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर मुस्कान, उसकी सहेली और नाबालिग एक साथ घर से जाते हुए दिखाई दिए. जांच के दौरान यह भी पता चला कि तीनों लुधियाना रेलवे स्टेशन पहुंचे थे.
इसी बीच मुस्कान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें नाबालिग सीढ़ियों पर बैठा दिखाई दे रहा था. वीडियो में उसके चेहरे पर किस वाली इमोजी लगाई गई थी. कुछ समय बाद महिला ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और सोशल मीडिया अकाउंट भी निष्क्रिय कर दिया, जिससे उसकी लोकेशन का पता लगाना और मुश्किल हो गया.
नकदी और सामान ले जाने का भी आरोप
परिवार का आरोप है कि मुस्कान घर से जाते समय करीब 10 हजार रुपये नकद, अपने जेवर और हाल ही में खरीदा गया मोबाइल फोन भी साथ ले गई. वहीं, नाबालिग की ओर से उसके चाचा को एक संदेश भेजा गया, जिसमें उसने दावा किया कि कुछ लोगों ने उसे पकड़ रखा है और उसे अपनी भाभी के बारे में कोई जानकारी नहीं है. पुलिस इस संदेश की भी जांच कर रही है.
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच जारी
मेहरबान थाना पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने पूछताछ के लिए महिला की सहेली को भी हिरासत में लिया था, हालांकि शुरुआती पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया. फिलहाल पुलिस महिला और नाबालिग दोनों की तलाश में जुटी है तथा सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
ये भी पढ़ें: इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती का हुआ दर्दनाक अंत, बेंगलुरु में लिव-इन पार्टनर की हत्या, जानें पूरा मामला