16 अगस्त तक पूरा करें यह जरूरी काम, वरना गैस सिलेंडर मिलने में हो सकती है परेशानी!

LPG e-KYC Alert: अगर आप घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर इस्तेमाल करते हैं, तो आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भी e-KYC से जुड़ा एक मैसेज आया होगा. तेल कंपनियां लगातार ग्राहकों को एसएमएस भेजकर e-KYC पूरा करने की याद दिला रही हैं.

LPG e-KYC Alert Complete this important task by August 16 or you might face difficulties in getting your gas cylinder
Image Source: Social Media

LPG e-KYC Alert: अगर आप घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर इस्तेमाल करते हैं, तो आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भी e-KYC से जुड़ा एक मैसेज आया होगा. तेल कंपनियां लगातार ग्राहकों को एसएमएस भेजकर e-KYC पूरा करने की याद दिला रही हैं. 

इस मैसेज में साफ कहा गया है कि 16 अगस्त 2026 तक आधार आधारित e-KYC पूरा करना जरूरी है. अगर तय समय तक यह काम नहीं किया गया, तो घरेलू दर पर एलपीजी सिलेंडर मिलने में दिक्कत हो सकती है.

क्यों जरूरी है e-KYC?

तेल कंपनियों का कहना है कि गैस कनेक्शन का सही सत्यापन करने और सिलेंडर की सप्लाई को बेहतर बनाने के लिए e-KYC जरूरी किया गया है. जिन ग्राहकों ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें लगातार रिमाइंडर भेजे जा रहे हैं.

कंपनियों ने चेतावनी दी है कि अगर 16 अगस्त तक e-KYC पूरा नहीं किया गया, तो ग्राहक घरेलू दर पर एलपीजी सिलेंडर लेने के पात्र नहीं रहेंगे. यानी e-KYC पूरा होने तक सिलेंडर मिलने में परेशानी आ सकती है.

उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए भी जरूरी

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों के लिए भी e-KYC कराना जरूरी है. इस योजना के तहत देश में 10 करोड़ से ज्यादा परिवारों को एलपीजी कनेक्शन दिया जा चुका है. सरकार इस योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को हर साल चार गैस सिलेंडर की रिफिल पर 300 रुपये की सब्सिडी सीधे उनके बैंक खाते में भेजती है. इसलिए e-KYC पूरा न होने पर सब्सिडी मिलने में भी रुकावट आ सकती है.

अगस्त में गैस सिलेंडर की कीमतों में क्या बदला?

1 अगस्त 2026 से तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती की है. इससे होटल, रेस्टोरेंट और दूसरे व्यावसायिक उपभोक्ताओं को राहत मिली है. हालांकि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

अभी प्रमुख शहरों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत इस प्रकार है:

  • दिल्ली: 942 रुपये
  • कोलकाता: 968 रुपये
  • मुंबई: 941.50 रुपये
  • चेन्नई: 957.50 रुपये

SMS में क्या कहा गया है?

तेल कंपनियों की ओर से भेजे जा रहे मैसेज में ग्राहकों से जल्द e-KYC पूरा करने की अपील की गई है. संदेश में कहा गया है कि पहले भी कई बार सूचना भेजी जा चुकी है, लेकिन अगर अब तक e-KYC नहीं हुआ है तो इसे तुरंत पूरा करें. साथ ही यह भी बताया गया है कि 16 अगस्त 2026 के बाद e-KYC पूरा होने तक घरेलू दर पर एलपीजी सिलेंडर मिलने में परेशानी हो सकती है.

घर बैठे कैसे करें e-KYC?

तेल कंपनियों ने e-KYC पूरा करने के कई आसान तरीके दिए हैं. ग्राहक Indian Oil One App के जरिए घर बैठे यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. इसके अलावा अपने गैस एजेंसी (डिस्ट्रिब्यूटर) के पास जाकर या गैस सिलेंडर की डिलीवरी करने वाले कर्मचारी की मदद से भी e-KYC कराया जा सकता है.

अगर आपने अभी तक e-KYC नहीं कराया है, तो 16 अगस्त से पहले यह काम जरूर पूरा कर लें, ताकि गैस सिलेंडर की सप्लाई और सब्सिडी से जुड़ी किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके.

ये भी पढ़ें- CWG 2026: भारत के 39 मेडल पर PM मोदी गदगद, खिलाड़ियों को दी बधाई, बोले- 'देश को आप पर गर्व'