Lifestyle: हमारे सिर की त्वचा यानी स्कैल्प में मौजूद सेबेशियस ग्रंथियां प्राकृतिक तेल यानी सीबम बनाती हैं. यह तेल बालों और स्कैल्प को नमी देता है, रूखापन दूर रखता है और खुजली व फ्रिज़ीनेस जैसी समस्याओं से बचाने में मदद करता है. सामान्य मात्रा में सीबम बालों के लिए फायदेमंद होता है, लेकिन जब इसका उत्पादन जरूरत से ज्यादा होने लगे तो बाल धोने के कुछ ही घंटों बाद चिपचिपे और तैलीय नजर आने लगते हैं.
अक्सर लोग सोचते हैं कि ऑयली बाल सिर्फ हार्मोनल बदलाव की वजह से होते हैं, लेकिन कई बार हमारी रोज़मर्रा की हेयर केयर आदतें भी इस समस्या को बढ़ा देती हैं. गलत प्रोडक्ट चुनना, सफाई में लापरवाही और कुछ छोटी-छोटी आदतें स्कैल्प में ज्यादा ऑयल बनने की वजह बन सकती हैं. ज्यादा सीबम की वजह से पोर्स बंद हो सकते हैं, जिससे खुजली, डैंड्रफ और बाल झड़ने जैसी परेशानियां भी बढ़ सकती हैं. आइए जानते हैं वे आम गलतियां जो बालों को जल्दी ऑयली बना देती हैं.
तकिए के कवर की साफ-सफाई न रखना
बहुत से लोग तकिए का कवर लंबे समय तक नहीं बदलते. इस पर बालों का तेल, पसीना, धूल और बैक्टीरिया जमा होते रहते हैं. जब आप रोज़ उसी कवर पर सिर रखते हैं, तो ये सारी गंदगी दोबारा स्कैल्प पर ट्रांसफर हो जाती है. नतीजा यह होता है कि बाल जल्दी तैलीय दिखने लगते हैं और स्कैल्प से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं.
बेहतर है कि तकिए का कवर नियमित रूप से बदला जाए. साथ ही, रुई या रोएंदार कपड़े की बजाय सिल्क या सैटिन कवर का इस्तेमाल करें. इससे बालों पर रगड़ कम पड़ती है और फ्रिज़ीनेस व टूटने की समस्या भी कम होती है.
कंडीशनर का गलत इस्तेमाल
कंडीशनर बालों को मुलायम और मैनेजेबल बनाने में मदद करता है, लेकिन इसका गलत तरीके से इस्तेमाल बालों को और ज्यादा ऑयली बना सकता है. कई लोग कंडीशनर को स्कैल्प तक लगा लेते हैं, जबकि इसे केवल बालों की लंबाई और सिरों पर लगाना चाहिए.
इसके अलावा, जरूरत से ज्यादा या बहुत भारी कंडीशनर इस्तेमाल करने से भी बालों पर चिकनापन आ सकता है. हर किसी का हेयर टाइप अलग होता है, इसलिए शैंपू और कंडीशनर का चुनाव अपने बालों की जरूरत के हिसाब से करना जरूरी है.
हेयर ब्रश और कंघी की सफाई न करना
अगर आपका हेयर ब्रश या कंघी गंदी है, तो वह पुराने तेल, धूल और प्रोडक्ट के अवशेषों को दोबारा बालों में फैला देती है. इससे बाल साफ होने के बावजूद जल्दी चिपचिपे लगने लगते हैं. बेहतर है कि कंघी और ब्रश को नियमित रूप से साफ किया जाए. सप्ताह में कम से कम एक-दो बार गर्म पानी से इन्हें धोकर सुखा लें. इससे बैक्टीरिया और जमा हुआ तेल हट जाएगा और बाल ज्यादा देर तक फ्रेश रहेंगे.
बालों को बार-बार छूने की आदत
कुछ लोगों को बार-बार बालों में उंगलियां फेरने या सेट करने की आदत होती है. यह आदत भी बालों के जल्दी ऑयली होने की एक बड़ी वजह बन सकती है. हाथों पर मौजूद पसीना, क्रीम, मॉइस्चराइज़र और गंदगी बालों में ट्रांसफर हो जाती है. बार-बार टच करने से स्कैल्प में ऑयल प्रोडक्शन भी बढ़ सकता है. इसलिए कोशिश करें कि बिना जरूरत बालों को हाथ न लगाएं.
स्कैल्प की सही सफाई न करना
बाल धोते समय कई लोग स्कैल्प पर ध्यान देने के बजाय बालों की लंबाई को ज्यादा रगड़ते हैं. जबकि असली गंदगी और ऑयल स्कैल्प पर जमा होता है. स्कैल्प को ठीक से साफ न करने पर पोर्स बंद हो सकते हैं और तेल जमा होता रहता है, जिससे बाल जल्दी चिपचिपे दिखने लगते हैं.
सही तरीका यह है कि शैंपू करते समय हल्के हाथों से स्कैल्प की मसाज की जाए और बालों के सिरों को ज्यादा रगड़ने से बचा जाए. इससे स्कैल्प साफ रहेगा और बालों में अनावश्यक रूखापन भी नहीं आएगा.
सही आदतों से मिल सकता है ऑयली बालों से राहत
ऑयली बालों की समस्या सिर्फ अंदरूनी कारणों से नहीं, बल्कि हमारी रोजमर्रा की आदतों से भी जुड़ी होती है. तकिए का कवर साफ रखना, हेयर प्रोडक्ट्स का सही इस्तेमाल करना, कंघी-ब्रश की नियमित सफाई और स्कैल्प की ठीक तरह से केयर करने से इस परेशानी को काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है.
अगर इन आदतों में सुधार के बावजूद भी बाल बहुत ज्यादा ऑयली रहते हैं, तो यह हार्मोनल असंतुलन या किसी स्किन कंडीशन का संकेत भी हो सकता है. ऐसे में विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर रहता है.
ये भी पढ़ें- CNG यूजर्स के लिए खुशखबरी, अब गाड़ी चलाना होगा और सस्ता, बजट में बायोगैस पर जीरो टैक्स का हुआ ऐलान