छोटे पर्दे पर एक बार फिर वही पुराना जादू लौट आया था — ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’. स्मृति ईरानी के इस शो ने न सिर्फ दर्शकों की यादें ताजा कर दीं, बल्कि टीआरपी लिस्ट में भी लगातार ऊंची छलांग लगाई. कई हफ्तों से यह शो दूसरे स्थान पर मजबूती से बना हुआ था और ‘अनुपमा’ जैसे सुपरहिट शो को भी कड़ी टक्कर दे रहा था. मगर अब जो खबर सामने आई है, उसने दर्शकों के बीच हलचल मचा दी है.
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है जिसमें दावा किया जा रहा है कि ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ जल्द ही बंद होने जा रहा है. यह खबर एक फैन पेज से शुरू हुई, जहां लिखा गया कि मेकर्स शो पर ताला लगाने की तैयारी कर रहे हैं.हालांकि, अब तक चैनल या प्रोडक्शन टीम की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन फैंस इस दावे को लेकर बेहद परेशान हैं.
केवल 200 एपिसोड तक का था कॉन्ट्रैक्ट
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शो को शुरू से ही 200 एपिसोड तक के लिए प्लान किया गया था, जो जनवरी में पूरे होने वाले हैं.पहले ही कहा गया था कि यदि शो अच्छा प्रदर्शन करता है, तो इसे आगे बढ़ाया जा सकता है. शुरुआती हफ्तों में जिस तरह शो ने लोकप्रियता हासिल की, ऐसा लग रहा था कि इसकी उम्र बढ़ा दी जाएगी. लेकिन अब खबरें कुछ और इशारा कर रही हैं.
एकता कपूर का फैसला बना चर्चा का विषय
शो की निर्माता एकता कपूर ने शुरुआती दौर में कहा था कि अगर दर्शकों की प्रतिक्रिया शानदार रही, तो कहानी आगे बढ़ाई जाएगी.मगर अब खबरें आ रही हैं कि एकता शो की परफॉर्मेंस से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं. यह संभव है कि वह कहानी को खत्म कर किसी नए प्रोजेक्ट पर ध्यान देना चाहती हों. इंडस्ट्री सूत्रों का कहना है कि टीआरपी के बावजूद, शो की कहानी की रफ्तार और इमोशनल कनेक्ट वह प्रभाव नहीं डाल पा रहा, जिसकी उम्मीद की गई थी.
फैंस के लिए बड़ा झटका
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ ने एक बार फिर पुराने जमाने की पारिवारिक कहानियों को दर्शकों के दिलों में जगा दिया था.स्मृति ईरानी की वापसी के साथ, लोगों में इस शो को लेकर उत्साह चरम पर था. लेकिन अब अचानक बंद होने की खबर ने सभी को झटका दिया है. सोशल मीडिया पर दर्शक अपनी नाराजगी और उदासी दोनों जाहिर कर रहे हैं — किसी ने लिखा, “इतना अच्छा शो बंद क्यों?”, तो किसी ने कहा, “हमने तो इसे फिर से अपने घर का हिस्सा बना लिया था.”
अभी तक आधिकारिक बयान नहीं
फिलहाल न चैनल ने और न ही प्रोडक्शन हाउस ने इस खबर पर कोई आधिकारिक बयान जारी किया है.टीवी इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि जनवरी तक सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा, क्योंकि तभी शो का मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट पूरा होता है.अगर दर्शकों का प्यार इसी तरह बरकरार रहा, तो संभव है कि शो को आगे बढ़ा दिया जाए.
यह भी पढ़ेंः 'Remembrance is not for sale', विवादों में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट; खालिस्तानी संगठन SFJ ने दी चेतावनी