Kuldeep Yadav Wedding: कुलदीप यादव ने वंशिका से रचाई शादी, टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने किया डांस

Kuldeep Yadav Wedding: टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज कुलदीप यादव के लिए मार्च 2026 एक बेहद यादगार महीना साबित हुआ है. जहां एक ओर उन्होंने 9 मार्च को अपनी टीम के साथ लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीता, वहीं दूसरी ओर, महज पांच दिन बाद ही उन्होंने अपनी निजी जिंदगी का भी एक नया अध्याय शुरू किया.

Kuldeep Yadav married Vanshika Chaddha Team India players danced video
Image Source: Social Media

Kuldeep Yadav Wedding: टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज कुलदीप यादव के लिए मार्च 2026 एक बेहद यादगार महीना साबित हुआ है. जहां एक ओर उन्होंने 9 मार्च को अपनी टीम के साथ लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीता, वहीं दूसरी ओर, महज पांच दिन बाद ही उन्होंने अपनी निजी जिंदगी का भी एक नया अध्याय शुरू किया. कुलदीप ने 14 मार्च को अपनी बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा से उत्तराखंड के मसूरी में शादी के बंधन में बंध गए. इस खुशी के मौके पर टीम इंडिया के कई बड़े खिलाड़ी भी शादी समारोह का हिस्सा बने और उन्होंने शादी में अपने डांस से चार चांद लगाए.

शादी की रस्मों से पहले की धूमधाम

कुलदीप और वंशिका की शादी से पहले मसूरी में एक धूमधाम की तैयारी चल रही थी. वर्ल्ड कप फाइनल में भारत की शानदार जीत के बाद, कुलदीप सीधे शादी के लिए मसूरी पहुंचे थे. वहां करीब दो-तीन दिन तक मेहंदी, संगीत, हल्दी और अन्य पारंपरिक रस्मों का आयोजन किया गया. इन रस्मों के बाद 14 मार्च को कुलदीप अपनी बारात लेकर आए और उन्होंने अपनी दुल्हन वंशिका को वरमाला पहनाई. इस जोड़ी की शादी का आयोजन मसूरी के एक प्रमुख लग्जरी होटल ‘द सेवॉय’ में हुआ था, जो अपनी खूबसूरती के लिए मशहूर है. यह वही होटल है जहां पिछले साल ऋषभ पंत की बहन की शादी भी हुई थी.

टीम इंडिया के सितारे बारात में शामिल

कुलदीप की शादी में उनकी टीम इंडिया के दोस्तों और साथियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. मेहंदी, संगीत और हल्दी की रस्मों के बाद, सबका ध्यान शादी के दिन पर था. कुलदीप घोड़ी पर सवार होकर बारात लेकर पहुंचे और उनकी बारात में टीम इंडिया के कई स्टार खिलाड़ियों ने खूब मस्ती की. युजवेंद्र चहल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह और टीम इंडिया के फील्डिंग कोच टी दिलीप जैसे खिलाड़ियों ने बारात में जमकर डांस किया और शादी के माहौल को और भी रंगीन बना दिया.

पिछले साल हुई थी सगाई

कुलदीप और वंशिका की शादी के इस खूबसूरत मौके के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए और टीम इंडिया के फैंस ने इस जोड़ी को ढेर सारी शुभकामनाएं दी. आपको बता दें कि कुलदीप और वंशिका की सगाई पिछले साल 4 जून को हुई थी. इसके बाद ही उनकी शादी की खबरें सार्वजनिक हुईं. दोनों कानपुर के रहने वाले हैं और बचपन से एक-दूसरे को जानते थे. सगाई से पहले तक दोनों ने कभी भी अपनी जोड़ी को सार्वजनिक रूप से नहीं दिखाया था, और उनके रिश्ते के बारे में किसी को कोई अंदाजा नहीं था. वंशिका ने अपनी पढ़ाई ऑस्ट्रेलिया से की थी.

ये भी पढ़ें: क्या करती हैं कुलदीप यादव की होने वाली दुल्हन वंशिका चड्ढा? ऑस्ट्रेलिया से पूरी की है पढ़ाई