कोचिंग फायरिंग मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद खान सर की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है, क्योंकि बिहार फायर सेफ्टी विभाग की टीम खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर पहुंच गई है. अधिकारियों ने कोचिंग परिसर में सुरक्षा मानकों का निरीक्षण शुरू कर दिया है. भवन की संरचना, आपातकालीन निकास मार्ग और अग्निशमन से जुड़े उपकरणों की गहन जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संस्थान निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन कर रहा है या नहीं.
फायर सेफ्टी जांच में सामने आईं कई खामियां
जांच के दौरान अधिकारियों को कोचिंग संस्थान में फायर सेफ्टी से जुड़ी कई कमियां मिली हैं. प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था में कुछ ऐसे दोष पाए गए हैं जो किसी भी आपात स्थिति में गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं. फायर विभाग पहले ही कार्रवाई के संकेत दे चुका है और अब विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर आगे का फैसला लिया जाएगा. फायर आईजी की ओर से यह भी संकेत दिए गए हैं कि यदि खामियां गंभीर पाई गईं तो कोचिंग संस्थान को सील करने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है.
‘खान सर के कहने पर चलाई गई गोली’
इस मामले की जांच कर रहे अधिकारियों के मुताबिक, एफआईआर दर्ज किए जाने की बड़ी वजह गार्ड्स के बयान बने हैं. पूछताछ के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने खान सर के सीधे निर्देश पर गोली चलाई थी. गार्ड्स का कहना है कि कोचिंग संस्थान के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे और भीड़ ने एक गार्ड के साथ मारपीट भी की थी. इसी स्थिति के दौरान उन्हें गोली चलाने के लिए कहा गया था.
गार्ड्स के बयान के आधार पर दर्ज हुई एफआईआर
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 और आर्म्स एक्ट की धाराओं 25, 27 और 35 के तहत मामला दर्ज किया गया है. ये धाराएं अवैध हथियार रखने और हथियारों के गलत इस्तेमाल से संबंधित हैं. जांच में शामिल गार्ड्स ने स्वीकार किया है कि उन्होंने दो-दो राउंड फायरिंग की थी और उनका दावा है कि यह कदम खान सर के निर्देश पर उठाया गया. गार्ड्स के अनुसार, खान सर ने उन्हें यह भरोसा भी दिलाया था कि इस घटना के बाद उत्पन्न होने वाले परिणामों को वह स्वयं संभाल लेंगे.
ये भी पढ़ें: सिविल कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे खान सर, आर्म्स एक्ट के तहत पुलिस ने किया था FIR दर्ज, जानें पूरा मामला