Ketan Agarwal Murder Case: महाराष्ट्र के लोनावला में रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या की जांच लगातार आगे बढ़ रही है. इस बीच मामले में एक नया मोड़ तब आया, जब मुख्य आरोपी सिया गोयल के भाई साहिल गोयल ने पुलिस पूछताछ के दौरान कई अहम बातें बताईं. साहिल का कहना है कि यदि उसकी बहन ने शादी को लेकर किसी तरह की असहमति जताई होती, तो परिवार बिना किसी दबाव के यह रिश्ता समाप्त कर देता. पुलिस का मानना है कि इस बयान से जांच को नई दिशा मिल सकती है.
10 घंटे चली पुलिस पूछताछ
जांच अधिकारियों के अनुसार, साहिल गोयल को शुक्रवार सुबह पूछताछ के लिए बुलाया गया था. करीब 10 घंटे तक चली पूछताछ के दौरान पुलिस ने उससे सिया गोयल और सह-आरोपी चेतन चौधरी के रिश्ते समेत कई पहलुओं पर सवाल किए. पूछताछ पूरी होने के बाद देर शाम उसे घर जाने की अनुमति दे दी गई.
परिवार शादी रद्द करने को तैयार था- साहिल
पूछताछ के दौरान साहिल ने पुलिस को बताया कि परिवार की ओर से शादी को लेकर कोई दबाव नहीं था. उसके मुताबिक, यदि सिया ने पहले ही कह दिया होता कि वह यह रिश्ता नहीं चाहती, तो परिवार स्वयं शादी रद्द कर देता. पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या सिया ने अपनी आपत्तियां कभी परिवार के सामने रखी थीं या नहीं.
हत्या की साजिश का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 18 जून को लोनावला के लोहागढ़ किले पर केतन अग्रवाल की मौत कोई हादसा नहीं थी. जांच एजेंसियों का आरोप है कि सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर पहले से योजना बनाई और केतन को पहाड़ी से धक्का दे दिया. जांचकर्ताओं का दावा है कि सिया आगामी नवंबर में प्रस्तावित शादी नहीं करना चाहती थी और इसी वजह से कथित साजिश रची गई.
रिश्तेदारों और दोस्तों से भी होगी पूछताछ
लोनावला डिवीजन के अधिकारियों का कहना है कि अब तक की जांच में दोनों आरोपियों की भूमिका सामने आई है. पुलिस आने वाले दिनों में परिवार के अन्य सदस्यों, रिश्तेदारों और दोस्तों से भी पूछताछ करेगी ताकि घटनाक्रम की पूरी तस्वीर सामने आ सके. अब तक इस मामले में सात लोगों से पूछताछ की जा चुकी है.
क्राइम सीन दोबारा तैयार करेगी पुलिस
जांच एजेंसियां घटना की परिस्थितियों को बेहतर ढंग से समझने के लिए घटनास्थल पर क्राइम सीन का री-क्रिएशन करने की तैयारी कर रही हैं. इसके लिए डमी बॉडी का इस्तेमाल किया जाएगा ताकि घटना के क्रम और आरोपियों के दावों का मिलान किया जा सके.
हेयर विग से जुड़े दावों पर परिवार की सफाई
इस मामले में सोशल मीडिया पर चल रही उन चर्चाओं पर भी केतन अग्रवाल के परिवार ने प्रतिक्रिया दी है, जिनमें हेयर विग को विवाद की वजह बताया जा रहा था. केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि उनके बेटे के सिर के एक हिस्से में चिकित्सकीय कारणों से बाल कम थे और यह जानकारी शादी तय होने से काफी पहले लड़की पक्ष को दे दी गई थी. उन्होंने कहा कि यदि इस बात से कोई आपत्ति थी, तो शादी से पहले ही रिश्ता खत्म किया जा सकता था.
फास्ट-ट्रैक कोर्ट में चलेगा मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने इसकी सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कराने का निर्णय लिया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और त्वरित न्याय का भरोसा दिया है. सरकार ने वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम को इस मामले में विशेष सरकारी वकील नियुक्त किया है.
सामाजिक चिंता का भी उठाया मुद्दा
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना को केवल एक आपराधिक मामला नहीं, बल्कि सामाजिक चिंता का विषय भी बताया. उनका कहना है कि समाज को यह समझने की आवश्यकता है कि शिक्षित और अच्छे परिवारों से आने वाले युवाओं में इस तरह की हिंसक मानसिकता आखिर क्यों विकसित हो रही है.
ये भी पढ़ें- भारत की अर्थव्यवस्था पर नहीं होगा वैश्विक तनाव का असर, 6.5% की रफ्तार से दौड़ेगी GDP! महंगाई भी घटेगी