'मेरा बेटा सिर्फ एक केस फाइल नहीं...' केतन अग्रवाल की मां ने PM मोदी को लिखी भावुक चिट्ठी, पढ़कर भर आएंगी आंखें

Ketan Agarwal Murder Case: बेटे केतन अग्रवाल की हत्या के बाद मां ने पीएम मोदी को भावुक चिट्ठी लिखी है. प्रधानमंत्री से बेटे को लेकर इंसाफ मांगा है.

ketan-agarwal-mother-writes-emotional-letter-to-modi-for-justice
Image Source: Internet

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था. घटना के कई सप्ताह बाद भी उनके परिवार का दर्द कम नहीं हुआ है. अपने इकलौते बेटे को खो चुकी मां आज भी न्याय की उम्मीद में हर दरवाजा खटखटा रही हैं. इसी सिलसिले में केतन की मां राखी अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक भावुक पत्र लिखकर अपने बेटे के हत्यारों को जल्द और कड़ी सजा दिलाने की मांग की है. पत्र में उन्होंने अपने दर्द, परिवार की टूट चुकी दुनिया और न्याय की उम्मीद को शब्दों में बयां किया है.

कभी नहीं सोचा था इंसाफ मांगना पड़ेगा

प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में राखी अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि एक दिन उन्हें अपने ही बेटे के लिए न्याय की गुहार लगानी पड़ेगी. उन्होंने लिखा कि हर मां की तरह उनके भी कई सपने थे. वह चाहती थीं कि केतन अपनी नई जिंदगी शुरू करे, शादी करे और परिवार के साथ खुशहाल जीवन बिताए. लेकिन नियति ने ऐसा मोड़ लिया कि उन्हें अपने जवान बेटे को अंतिम विदाई देनी पड़ी. उन्होंने लिखा कि एक मां के लिए इससे बड़ा दुख और कोई नहीं हो सकता.

बेटे की यादों से भरा है घर का हर कोना

राखी अग्रवाल ने अपने पत्र में लिखा कि बेटे की हत्या ने उनके परिवार की पूरी दुनिया बदल दी है. घर का हर कमरा, उसकी तस्वीरें, कपड़े और उससे जुड़ी छोटी-छोटी चीजें उन्हें हर पल केतन की याद दिलाती हैं. उन्होंने कहा कि जहां कभी बेटे की हंसी गूंजती थी, वहां अब गहरा सन्नाटा है. हर दिन इस सच के साथ जीना पड़ रहा है कि उनका बेटा अब कभी लौटकर नहीं आएगा.

बेटे के गम में दादा ने भी तोड़ दिया दम

केतन की मां ने बताया कि बेटे की मौत के सिर्फ 20 दिन बाद उनके दादा देवीचंद्र अग्रवाल का भी निधन हो गया. उन्होंने लिखा कि दादा अपने पोते से बेहद स्नेह करते थे और उसके जाने का सदमा सहन नहीं कर पाए. कुछ ही दिनों के भीतर परिवार ने दो पीढ़ियों को खो दिया, जिससे पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

मुझे सिर्फ न्याय चाहिए 

पत्र में राखी अग्रवाल ने प्रधानमंत्री से भावुक अपील करते हुए कहा कि वह किसी तरह की सहानुभूति या विशेष सुविधा नहीं चाहतीं. उनकी सिर्फ एक मांग है कि उनके बेटे के हत्यारों को कानून के मुताबिक सबसे कठोर सजा मिले. उन्होंने लिखा कि न्याय मिलने में होने वाली हर देरी उनके जख्मों को और गहरा कर रही है. केतन अब वापस नहीं आएगा, लेकिन दोषियों को सजा मिलना ही उनके परिवार के लिए सबसे बड़ा संबल होगा.

'केतन कोई केस फाइल नहीं, मेरी पूरी दुनिया था'

अपने पत्र में उन्होंने लिखा कि उनके बेटे को सिर्फ एक केस फाइल बनाकर न देखा जाए. वह किसी का बेटा, किसी का पोता और किसी का भाई था, लेकिन उनके लिए वह पूरी दुनिया था. उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री एक मां की पीड़ा को समझेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि मामले में बिना किसी अनावश्यक देरी के न्याय मिले.

मां का वीडियो भी हुआ वायरल

इस मामले के बीच केतन की मां का एक भावुक वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में वह अपने बेटे की तस्वीर को सीने से लगाकर दुलार करती नजर आती हैं. रोते हुए वह कहती हैं कि उन्होंने बेटे की शादी की पूरी तैयारी कर ली थी, लेकिन अब उनके सारे सपने अधूरे रह गए. उनकी आंखों में आंसू और आवाज में दर्द साफ महसूस किया जा सकता है. वीडियो ने सोशल मीडिया पर भी लोगों को भावुक कर दिया है.

18 जून को हुई थी केतन अग्रवाल की हत्या

पुलिस जांच के अनुसार, 18 जून को केतन अग्रवाल की हत्या कथित तौर पर उनकी मंगेतर सिया और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर की थी. आरोप है कि दोनों केतन को लोहागढ़ किले पर ले गए और करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का देकर उसकी हत्या कर दी. बताया गया कि केतन और सिया की फरवरी में सगाई हुई थी और जल्द ही शादी होने वाली थी. हालांकि, सिया इस रिश्ते से खुश नहीं थी. आरोप है कि उसने शादी से इनकार करने के बजाय अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. फिलहाल इस मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और यरवडा सेंट्रल जेल में बंद हैं. वहीं केतन का परिवार अब भी अदालत से जल्द न्याय मिलने का इंतजार कर रहा है.

ये भी पढ़ें- Delhi Bulldozer Action: दिल्ली में बुलडोजर एक्शन, पीतमपुरा-शालीमार मेन रोड से हटाई गई अवैध मजार