वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव के तौर पर अपनी अलग पहचान बनाने वाली कैरोलिन लेविट जल्द ही इस पद से विदा लेने वाली हैं. ट्रंप ने मंगलवार को घोषणा की कि लेविट इसी महीने के अंत में प्रेस सचिव की जिम्मेदारी छोड़ देंगी. अपने फैसले को लेविट ने भावुक लेकिन जरूरी कदम बताया है. उनका कहना है कि दुनिया की सबसे व्यस्त और चुनौतीपूर्ण नौकरियों में से एक को निभाने के साथ दो छोटे बच्चों की मां की जिम्मेदारी संभालना उनके लिए बेहद कठिन हो गया था.
बच्चों और परिवार के साथ बिताना चाहती हैं ज्यादा समय
कैरोलिन लेविट ने अपने फैसले के बारे में बताते हुए कहा कि प्रेस सचिव की भूमिका निभाना उनके जीवन के सबसे संतोषजनक अनुभवों में से एक रहा, लेकिन इसके साथ मां की जिम्मेदारी निभाना भी उतना ही चुनौतीपूर्ण रहा. उन्होंने कहा कि बेटी के जन्म के बाद जब वह दोबारा व्हाइट हाउस लौटीं, तब उन्हें महसूस हुआ कि इस पद के लिए जिस तरह लगातार समय, ऊर्जा और पूरा ध्यान देने की जरूरत होती है, उसके चलते वह अपने दोनों छोटे बच्चों के लिए वह मां नहीं बन पा रही हैं, जिसकी उन्हें जरूरत है.
लेविट ने कहा कि परिवार और बच्चों के साथ ज्यादा समय बिताने की इच्छा ने उन्हें यह कठिन फैसला लेने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने अपने पद को छोड़ने के फैसले को भावुक बताया, लेकिन साथ ही इसे अपने परिवार के लिए जरूरी कदम भी करार दिया.
Serving as the White House Press Secretary over the past year and a half has been the honor and adventure of a lifetime. I am incredibly grateful to President Trump for granting me so many extraordinary opportunities, such as working in the West Wing and spending countless hours… https://t.co/4jyW61DGGh pic.twitter.com/xny1yccuBn
— Karoline Leavitt (@karolineleavitt) August 12, 2026
ट्रंप ने की लेविट के काम की जमकर तारीफ
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कैरोलिन लेविट के फैसले का सम्मान करते हुए उनकी जमकर तारीफ की. ट्रंप ने कहा कि वह उनके फैसले को पूरी तरह समझते हैं और परिवार के साथ समय बिताने की उनकी इच्छा का सम्मान करते हैं.
ट्रंप ने लेविट को अपने सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में से एक और एक वास्तविक नेता बताया. उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 से लेविट ने न्याय, स्वतंत्रता और आजादी के लिए शानदार काम किया है. ट्रंप ने उनके 2024 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका की भी सराहना की.
पद छोड़ने के बाद भी रहेंगी ट्रंप की टीम का हिस्सा
कैरोलिन लेविट के जाने के बाद व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव की जिम्मेदारी कौन संभालेगा, ट्रंप ने अभी इसका खुलासा नहीं किया है. हालांकि, उनके बयान से साफ है कि लेविट पूरी तरह ट्रंप की राजनीतिक टीम से अलग नहीं होंगी.
ट्रंप ने संकेत दिया कि पद छोड़ने के बाद कैरोलिन लेविट उनकी प्रमुख बाहरी सलाहकारों में शामिल रहेंगी. इसके अलावा वह रिपब्लिकन पार्टी में भी अपनी प्रभावशाली भूमिका जारी रखेंगी. ट्रंप ने कहा कि आगामी मध्यावधि चुनावों में पार्टी को बड़ी जीत दिलाने की कोशिशों में लेविट महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी.
दूसरे बच्चे के जन्म के बाद लिया बड़ा फैसला
कैरोलिन लेविट ने मई में अपने दूसरे बच्चे को जन्म दिया था. उन्होंने बेटी का नाम विवियाना बताया था. इससे पहले भी वह मातृत्व और अपनी राजनीतिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करती रही हैं.
लेविट ने इससे पहले मातृत्व अवकाश की अपनी योजना को भी टाल दिया था. ट्रंप के खिलाफ कथित हत्या के प्रयास के बाद उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देते हुए काम जारी रखा था. ऐसे में अब परिवार के साथ ज्यादा समय बिताने का फैसला उनके लिए एक महत्वपूर्ण व्यक्तिगत बदलाव माना जा रहा है.
ट्रंप के पहले कार्यकाल से ही जुड़ी हैं लेविट
कैरोलिन लेविट का ट्रंप के साथ राजनीतिक जुड़ाव नया नहीं है. उन्होंने ट्रंप के पहले राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान जूनियर प्रवक्ता के रूप में काम किया था. इसके बाद 2024 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान में वह ट्रंप की प्रमुख प्रवक्ताओं में शामिल हुईं.
इससे पहले वर्ष 2022 में उन्होंने न्यू हैम्पशायर से अमेरिकी कांग्रेस का चुनाव भी लड़ा था, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली. इसके बावजूद ट्रंप की टीम में उनकी राजनीतिक भूमिका लगातार मजबूत होती गई और वर्ष 2025 में ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद उन्हें व्हाइट हाउस का प्रेस सचिव नियुक्त किया गया.
सबसे कम उम्र की प्रेस सचिव बनी थीं
कैरोलिन लेविट ने व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव बनकर इतिहास भी रचा. वह इस पद पर पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की व्यक्ति बनी थीं. अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने नियमित प्रेस ब्रीफिंग और मीडिया के सामने ट्रंप प्रशासन का पक्ष मजबूती से रखा.
ये भी पढ़ें: अमेरिका के टेक्सास में सेना का अपाचे हेलिकॉप्टर क्रैश, हादसे में दोनों पायलट की मौत