Delhi Swine Flu Case: दिल्ली में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने लोगों के लिए स्वास्थ्य सलाह जारी की है. सरकार ने लोगों से कहा है कि वे खांसते और छींकते समय मुंह-नाक ढकें, भीड़भाड़ वाली जगहों से बचें और किसी तरह के लक्षण दिखने पर समय पर डॉक्टर से सलाह लें.
इस साल दिल्ली में इन्फ्लुएंजा-ए के 2,300 से ज्यादा मामले सामने आए हैं. इनमें शुक्रवार तक H1N1 के 1,777 से अधिक मामले शामिल हैं. स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, सिर्फ गुरुवार को H1N1 के 114 नए मामले मिले. इससे पता चलता है कि संक्रमण कितनी तेजी से बढ़ रहा है.
लोगों को क्या सावधानी बरतने की सलाह?
दिल्ली सरकार की एडवाइजरी में लोगों से सांस से जुड़ी साफ-सफाई का ध्यान रखने को कहा गया है. खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को ढकने, हाथों को साबुन और पानी से बार-बार धोने और भीड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने की सलाह दी गई है.
सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों से दूरी बनाए रखने को भी कहा गया है. इसके अलावा आंख और नाक को बार-बार छूने से बचने, सार्वजनिक जगहों पर न थूकने और पर्याप्त मात्रा में पानी व दूसरे तरल पदार्थ लेने की सलाह दी गई है.
अगर किसी को बुखार, खांसी, गले में दर्द, सांस लेने में परेशानी, शरीर में दर्द या सिरदर्द जैसे लक्षण दिखाई दें तो डॉक्टर से संपर्क करने को कहा गया है. सरकार ने बिना डॉक्टर की सलाह के दवा लेने से भी बचने की सलाह दी है.
अस्पतालों में इलाज की तैयारी
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि दिल्ली बढ़ते इन्फ्लुएंजा मामलों से निपटने के लिए तैयार है. अस्पतालों में पर्याप्त बेड, डॉक्टर, दवाएं और जरूरी चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं. विभाग ने 35 अस्पतालों को विशेष निगरानी में रखा है.
दिल्ली के एम्स और नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल में दो रेफरल लैब भी तय की गई हैं. इसके अलावा मरीजों की जांच, इलाज, वेंटिलेटर के इस्तेमाल, मास्क और घर पर देखभाल को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.
अधिकारियों और अस्पतालों को इन्फ्लुएंजा जैसे लक्षणों वाली बीमारी, गंभीर सांस की बीमारी, इन्फ्लुएंजा और कोविड-19 के मामलों की जांच और रिपोर्टिंग पर नजर रखने को कहा गया है.
दिल्ली में इन्फ्लुएंजा के कितने मामले?
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को इन्फ्लुएंजा के 159 मामले सामने आए. इनमें 155 इन्फ्लुएंजा-ए के मामले थे. इनमें 114 H1N1, दो H1, एक H3 और 38 अन्य इन्फ्लुएंजा-ए के मामले शामिल थे. इसके अलावा इन्फ्लुएंजा-बी के चार मामले भी मिले.
शुक्रवार तक इस साल दिल्ली में इन्फ्लुएंजा के कुल 2,602 मामले सामने आ चुके थे. इनमें 2,392 मामले इन्फ्लुएंजा-ए और 210 मामले इन्फ्लुएंजा-बी के हैं.
स्वास्थ्य मंत्री ने की स्थिति की समीक्षा
शुक्रवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बैठक की. बैठक में दिल्ली में बढ़ते स्वाइन फ्लू के मामलों और तैयारियों की समीक्षा की गई.
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर रख रही है. सभी सरकारी अस्पतालों को पर्याप्त इलाज और जरूरी सुविधाएं तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं.
ये भी पढ़ें- विदेश यात्रा होगी आसान! एयरपोर्ट इमिग्रेशन में नियम में बदलाव, बोर्डिंग पास पर नहीं होगी मुहर की जरूरत