रक्षाबंधन पर घर जाने में नहीं आएगी रुकावट, रेलवे चलाएगा 47 स्पेशल ट्रेनें, जानें रूट और टाइमिंग

रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक है और इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की तरफ सफर करते हैं. ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए खास तैयारी की है.

Raksha Bandhan Railways to run 47 special trains check routes and timings
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक है और इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की तरफ सफर करते हैं. ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए खास तैयारी की है. पश्चिम मध्य रेलवे ने रक्षाबंधन के मौके पर 47 स्पेशल ट्रेन सेवाएं चलाने का फैसला किया है.

इन ट्रेनों से हजारों यात्रियों को सफर की सुविधा मिलेगी. रेलवे का कहना है कि इन अतिरिक्त सेवाओं का मकसद त्योहार के दौरान यात्रियों की भीड़ को संभालना और लोगों को अपने परिवार तक आसानी से पहुंचने में मदद करना है.

पांच प्रमुख रूट पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

पश्चिम मध्य रेलवे के सीपीआरओ मधुर वर्मा के मुताबिक, रक्षाबंधन के दौरान ट्रेनों में काफी भीड़ रहने की उम्मीद है. कई ट्रेनों में पहले से ही वेटिंग चल रही है. इसी को देखते हुए पांच प्रमुख रूट पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी.

इनमें रीवा-भोपाल, जबलपुर-दिल्ली, कोटा-हजरत निजामुद्दीन, सोगरिया-मथुरा और सोगरिया-जबलपुर रूट शामिल हैं. इन रूट पर कुल 47 स्पेशल सेवाएं चलेंगी. रेलवे के अनुमान के मुताबिक, इन ट्रेनों से करीब 70 हजार से 1 लाख अतिरिक्त यात्री सफर कर सकेंगे.

रेलवे के अनुसार, एक ट्रेन में करीब 1500 से 2000 यात्री सफर कर सकते हैं. अधिकारियों का कहना है कि रक्षाबंधन पर लोग आमतौर पर लंबी छुट्टी नहीं लेते, लेकिन भाई या बहन से मिलने के लिए एक-दो दिन का समय जरूर निकालते हैं. ऐसे में कम समय में सफर करने वालों के लिए अतिरिक्त ट्रेनों की जरूरत बढ़ जाती है.

सोगरिया-मथुरा स्पेशल की टाइमिंग

गाड़ी संख्या 02921/02922 सोगरिया-मथुरा-सोगरिया अनारक्षित सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन 24 से 30 अगस्त 2026 तक चलेगी. दोनों दिशाओं में इसके सात-सात फेरे होंगे.

गाड़ी संख्या 02921 सोगरिया-मथुरा स्पेशल सोगरिया से सुबह 8:30 बजे रवाना होगी और दोपहर 2:10 बजे मथुरा जंक्शन पहुंचेगी. वापसी में गाड़ी संख्या 02922 मथुरा-सोगरिया स्पेशल दोपहर 3:30 बजे मथुरा से चलेगी और रात 9:20 बजे सोगरिया पहुंचेगी.

सोगरिया-जबलपुर के बीच भी स्पेशल ट्रेन

जबलपुर जाने वाले यात्रियों के लिए भी रेलवे ने विशेष ट्रेन की व्यवस्था की है. गाड़ी संख्या 09806/09805 सोगरिया-जबलपुर-सोगरिया एक्सप्रेस स्पेशल के दोनों दिशाओं में चार-चार फेरे होंगे.

सोगरिया-जबलपुर ट्रेन संख्या 09806 21, 23, 25 और 27 अगस्त को चलेगी. यह ट्रेन सोगरिया से शाम 6:35 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:55 बजे जबलपुर पहुंचेगी.

वापसी में गाड़ी संख्या 09805 जबलपुर-सोगरिया स्पेशल 22, 24, 26 और 28 अगस्त को चलेगी. यह ट्रेन जबलपुर से सुबह 9:10 बजे रवाना होगी और रात 10:30 बजे सोगरिया पहुंचेगी.

कोटा-हजरत निजामुद्दीन के बीच भी ट्रेन

कोटा और हजरत निजामुद्दीन के बीच भी स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी. गाड़ी संख्या 09803/09804 कोटा-हजरत निजामुद्दीन-कोटा एक्सप्रेस स्पेशल के दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे होंगे.

गाड़ी संख्या 09803 कोटा-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल 22, 24 और 26 अगस्त को चलेगी. यह ट्रेन कोटा से रात 10:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 7 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी.

वापसी में गाड़ी संख्या 09804 हजरत निजामुद्दीन-कोटा स्पेशल 23, 25 और 27 अगस्त को चलेगी. यह ट्रेन सुबह 9 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होकर रात 7:35 बजे कोटा पहुंचेगी.

अलग-अलग समय पर चलेंगी ट्रेनें

रेलवे की इन स्पेशल ट्रेनों की सेवाएं 22 अगस्त से शुरू होकर 31 अगस्त तक अलग-अलग तारीखों और समय के अनुसार चलेंगी. रेलवे ने शेड्यूल इस तरह तैयार किया है कि त्योहार से पहले घर जाने वाले और रक्षाबंधन के बाद वापस लौटने वाले दोनों यात्रियों को सुविधा मिल सके.

इन अतिरिक्त ट्रेनों से त्योहार के दौरान ट्रेनों में भीड़ कम करने में मदद मिलेगी. साथ ही हजारों यात्रियों को अपने भाई-बहन और परिवार से मिलने के लिए सफर का एक और विकल्प मिलेगा.

ये भी पढ़ें- विदेश यात्रा होगी आसान! एयरपोर्ट इमिग्रेशन में नियम में बदलाव, बोर्डिंग पास पर नहीं होगी मुहर की जरूरत