Jitendra Singh on Rahul Protest: संसद और जंतर-मंतर पर जारी राजनीतिक टकराव के बीच केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि सरकार संसद में NEET, पेपर लीक और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार थी, लेकिन राहुल गांधी ने पहले चर्चा का आश्वासन मिलने पर धरना खत्म करने की बात कही और बाद में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की नई मांग रख दी.
डॉ. जितेंद्र सिंह के मुताबिक, सरकार की ओर से वह स्वयं और केंद्रीय गृह सचिव प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे थे. उन्होंने विपक्षी नेताओं से जनसाधारण को हो रही असुविधा का हवाला देते हुए धरना किसी अन्य स्थान पर करने का अनुरोध किया. उनका कहना है कि राहुल गांधी ने न केवल अपनी मांग बदल दी, बल्कि स्थान बदलने से भी इनकार कर दिया. केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार अपनी शर्तें बदलते रहे और सरकार के साथ किसी समाधान पर पहुंचने के बजाय टकराव का माहौल बनाए रखना चाहते थे. उन्होंने कहा कि संसद लोकतांत्रिक चर्चा का सबसे बड़ा मंच है और यदि सरकार चर्चा के लिए तैयार है, तो पहले बहस होनी चाहिए, उसके बाद किसी भी तरह की जवाबदेही या इस्तीफे की मांग पर विचार किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें- UP Cabinet 2026: Yogi सरकार के 16 बड़े फैसले | Purvanchal Expressway, Rani Lakshmibai Scooty Scheme