अमेरिकी राजनीति में धर्म और परिवार का रिश्ता हमेशा बहस का विषय रहा है. इसी कड़ी में अब अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने अपने व्यक्तिगत जीवन से जुड़ा एक बयान देकर नए विमर्श को जन्म दिया है. मिसिसिपी में आयोजित टर्निंग पॉइंट यूएसए के कार्यक्रम में वेंस ने खुलकर कहा कि वे चाहते हैं उनकी पत्नी ऊषा वेंस, जो एक हिंदू परिवार में पली-बढ़ी हैं, एक दिन ईसाई धर्म अपनाएं.
कार्यक्रम के दौरान जब वेंस से पूछा गया कि क्या उनकी पत्नी कभी ईसाई धर्म अपनाएंगी, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा ज़्यादातर रविवार को ऊषा मेरे साथ चर्च आती हैं. मैं चाहता हूं कि वो भी उसी चीज़ से प्रभावित हों जिससे मैं हुआ हूं. मैं ईसाई धर्म में विश्वास करता हूं और उम्मीद करता हूं कि एक दिन वो भी इसे उसी गहराई से समझें. वेंस का यह जवाब न तो दबाव दिखाता था और न आग्रह—बल्कि उसमें एक व्यक्तिगत आस्था की सहज अभिव्यक्ति झलक रही थी. उन्होंने यह भी कहा कि अगर ऊषा ऐसा नहीं भी करतीं, तो इससे उनके रिश्ते पर कोई असर नहीं पड़ेगा.
धर्म हमारे रिश्ते में दूरी नहीं लाता
जेडी वेंस ने साफ़ कहा कि धर्म का अंतर उनके वैवाहिक जीवन में कभी बाधा नहीं बना. उन्होंने कहा कि भगवान ने हर इंसान को स्वतंत्र इच्छा दी है. अगर मेरी पत्नी ईसाई धर्म नहीं भी अपनातीं, तो भी ये हमारे रिश्ते में कोई तनाव नहीं लाता. ये निर्णय परिवार के भीतर आपसी समझ और प्रेम से तय होने चाहिए. उनका यह बयान ऐसे दौर में आया है जब अमेरिका में धार्मिक पहचान को लेकर राजनीतिक बहसें तेज़ हैं. वेंस का यह कहना कि ‘विश्वास का फैसला प्यार और समझ के साथ होना चाहिए, न कि सामाजिक दबाव में’—कई लोगों को एक सन्तुलित दृष्टिकोण की याद दिलाता है.
नास्तिकता से विश्वास तक: वेंस की व्यक्तिगत यात्रा
जेडी वेंस का धार्मिक जीवन भी एक दिलचस्प कहानी है. एक समय पर वे खुद को अज्ञेयवादी या नास्तिक मानते थे. लेकिन साल 2019 में उन्होंने कैथोलिक धर्म अपनाया. वेंस बताते हैं कि विश्वास की यह राह उनके जीवन में धीरे-धीरे खुलती गई. आज उनके बच्चे ईसाई परिवेश में पल रहे हैं और एक क्रिश्चियन स्कूल में पढ़ते हैं. वेंस का मानना है कि धर्म सिर्फ पूजा-पाठ का विषय नहीं, बल्कि जीवन की नैतिक दिशा तय करने वाला मूल आधार है.
ईसाई मूल्य ही अमेरिका की आत्मा हैं
अपने संबोधन में उपराष्ट्रपति वेंस ने कहा कि वे अमेरिका को ईसाई मूल्यों पर आधारित देश मानते हैं. उन्होंने कहा कि मुझे इसमें कोई झिझक नहीं है कि ईसाई मूल्य इस देश की नींव हैं. जो लोग कहते हैं कि उनका दृष्टिकोण तटस्थ है, वे भी किसी न किसी एजेंडा के तहत काम करते हैं. मैं कम से कम ईमानदारी से कहता हूं कि मुझे लगता है कि अमेरिका की ईसाई जड़ें इस राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत हैं. वेंस के इस बयान से यह साफ़ झलकता है कि वे धर्म को राजनीति से ऊपर रखते हुए, उसे एक नैतिक धुरी के रूप में देखते हैं.
जब बयान के पीछे दिखने लगा समाज का तनाव
लेकिन इस वक्त वेंस का यह बयान सिर्फ एक व्यक्तिगत स्वीकारोक्ति नहीं माना जा रहा. यह उस समय आया है जब अमेरिका में भारतीयों और एशियाई मूल के प्रवासियों के खिलाफ नफरत और हिंसा के मामले बढ़े हैं. हाल ही में कई समूहों ने H-1B वीजा धारकों और भारतीय पेशेवरों को निशाना बनाया है. नस्लीय टिप्पणियों और भेदभाव की घटनाओं ने समुदायों के बीच तनाव बढ़ा दिया है. ऐसे माहौल में जेडी वेंस का अपनी भारतीय मूल की पत्नी के धर्म को लेकर बयान देना, एक सामाजिक प्रतीकात्मक अर्थ भी रखता है. यह बयान कहीं न कहीं अमेरिका के उस दोहरे माहौल को उजागर करता है—जहां एक ओर विविधता की बात की जाती है, और दूसरी ओर धर्म व नस्ल के नाम पर विभाजन की दीवारें खड़ी होती जा रही हैं.
व्यक्तिगत आस्था से आगे की बात
जेडी वेंस का बयान सिर्फ एक पति का अपनी पत्नी के प्रति इच्छा नहीं है, बल्कि यह सवाल उठाता है कि आधुनिक अमेरिका में धर्म और निजी जीवन की सीमाएं कहां तक हैं? क्या धर्म आज भी एक परिवार के भीतर चर्चा का विषय होना चाहिए? या फिर यह केवल व्यक्ति की आत्मा और विवेक तक सीमित रहना चाहिए? वेंस ने भले ही यह कहा हो कि उनकी पत्नी का चुनाव उनके रिश्ते को प्रभावित नहीं करता, लेकिन उनका वक्तव्य उस सामाजिक सोच को भी दर्शाता है जिसमें धार्मिक पहचान को अमेरिकी संस्कृति की मुख्य शर्त माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें: एलियन ने की अमेरिका के तीन शोधकर्ताओं की हत्या? एयरफोर्स बेस पर रहस्यमयी मौतें, जानकर हिल जाएगा दिमाग