Jasprit Bumrah IND vs WI 1st Test: भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह क्यों भारत के सबसे खतरनाक तेज गेंदबाजों में से एक माने जाते हैं. मैच में भारतीय गेंदबाजों का बोलबाला रहा और वेस्टइंडीज की पूरी टीम मात्र 162 रन पर सिमट गई.
वेस्टइंडीज की बल्लेबाज़ी हुई फेल
टेस्ट की पहली पारी में वेस्टइंडीज के बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप नजर आए. भारतीय गेंदबाजों के आगे उनकी एक न चली और टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही. मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह की कसी हुई गेंदबाजी ने वेस्टइंडीज को बैकफुट पर ला खड़ा किया.
जसप्रीत बुमराह ने रचा खास कीर्तिमान
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने मैच में तीन विकेट चटकाए और इसके साथ ही उन्होंने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया. बुमराह अब WTC के तहत भारतीय ज़मीन पर 50 विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज बन गए हैं. इससे पहले यह उपलब्धि सिर्फ दो भारतीय स्पिनर्स – रविचंद्रन अश्विन (149 विकेट) और रवींद्र जडेजा (94 विकेट) – के नाम थी.
घरेलू मैदान पर जबरदस्त प्रदर्शन
बुमराह ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तहत अब तक भारत में कुल 13 टेस्ट मैच खेले हैं और इन मुकाबलों में उन्होंने 50 विकेट चटकाए हैं. उनका घरेलू मैदान पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन एक पारी में 45 रन देकर 6 विकेट लेना रहा है. उनकी घातक यॉर्कर्स और सटीक लाइन-लेंथ बल्लेबाजों के लिए परेशानी का सबब बनी रहती हैं.
200 के पार पहुंची टेस्ट विकेटों की संख्या
जसप्रीत बुमराह ने 2018 में टेस्ट क्रिकेट में कदम रखा था और तब से लेकर अब तक उन्होंने कई मैचों में भारत को जीत दिलाई है. अब तक 49 टेस्ट मैचों में वह 222 विकेट ले चुके हैं, जिसमें 15 बार उन्होंने पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट झटके हैं. उनका अनुभव और आक्रामकता टीम इंडिया की सबसे बड़ी ताकत बन चुकी है.
ये भी पढ़ें: ट्रॉफी चोरी की घटना पर कूद पड़े डिविलियर्स, नकवी को खूब सुनाई खरी-खरी