एशिया कप 2025 में भारत की जीत के बाद ट्रॉफी वितरण समारोह में जो विवाद हुआ, उसने खेल जगत में कई सवाल खड़े कर दिए हैं. टीम इंडिया द्वारा एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) प्रमुख मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार करना अब अंतरराष्ट्रीय बहस का विषय बन गया है.
इस मामले पर अब दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज एबी डिविलियर्स ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने साफ कहा कि राजनीति को खेल में घसीटना खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और क्रिकेट की भावना — तीनों के लिए नुकसानदायक है.
ऐसा नहीं होना चाहिए था
अपने यूट्यूब चैनल पर इस घटनाक्रम को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए डिविलियर्स ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान को फाइनल में शानदार प्रदर्शन के साथ हराया, लेकिन ट्रॉफी लेने से इनकार करना एक दुखद पहलू था. टीम को ट्रॉफी देने वाले व्यक्ति को लेकर असंतोष हो सकता है, लेकिन उसे सार्वजनिक रूप से जाहिर करना खेल की गरिमा को ठेस पहुंचाता है. उन्होंने आगे कहा, “मुझे पूरी उम्मीद है कि भविष्य में ऐसे मामलों को खेल से अलग रखा जाएगा. खिलाड़ी मैदान पर जो मेहनत करते हैं, उसके बाद उन्हें इस तरह की राजनीति में घसीटा जाना निराशाजनक है.”
मोहसिन नकवी ने ट्रॉफी वापस होटल ले जाने का लिया फैसला
जब भारतीय टीम ने सार्वजनिक मंच पर मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार किया, तो नकवी ने नाराज होकर ट्रॉफी और विजेताओं के मेडल्स को दुबई स्थित अपने होटल रूम में ले जाने का निर्णय लिया. यह कदम और विवाद तब और भी अधिक चर्चा में आया, जब सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक रंगत दी जाने लगी.
भारत-पाक तनाव का असर क्रिकेट पर साफ दिखा
पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक संबंधों की छाया साफ महसूस की गई. दोनों टीमों के खिलाड़ी मैदान पर हाथ मिलाने या किसी भी सामान्य खेल भावना के इशारे से भी परहेज करते नजर आए. हालांकि, भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक भी मैच हारे बिना एशिया कप का खिताब अपने नाम किया, लेकिन जीत के बाद की यह ट्रॉफी विवाद चर्चा का सबसे बड़ा केंद्र बन गया.
T20 वर्ल्ड कप पर डिविलियर्स की नजर
हालांकि डिविलियर्स इस विवाद से आहत नजर आए, लेकिन उन्होंने भारतीय टीम की ताकत की सराहना भी की. उन्होंने कहा कि “टीम इंडिया में गजब की गहराई है और वे अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए जबरदस्त तैयारी कर रहे हैं. उनके पास युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का बेहतरीन मिश्रण है, और वे बड़े मौकों पर अच्छा खेलने के लिए जाने जाते हैं.”
यह भी पढ़ेंः ICC इवेंट में भी पाकिस्तान से हाथ नहीं मिलाएंगे... वर्ल्ड कप में मैच से पहले भारतीय महिला टीम का फैसला