भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग दिन-ब-दिन बढ़ रही है. बढ़ते ईंधन खर्च और पर्यावरण के प्रति बढ़ती जागरूकता ने कार निर्माताओं को हरकत में ला दिया है. इसी दिशा में अब सुजुकी एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है. कंपनी जल्द ही जापान मोबिलिटी शो 2025 में अपने इलेक्ट्रिक व्हीकल पोर्टफोलियो को विस्तार देने वाली है.
इस शो का आयोजन 29 अक्टूबर 2025 को होने जा रहा है, जिसमें सुजुकी अपने कई नए प्रोटोटाइप और कॉन्सेप्ट मॉडल पेश करेगी. इनमें से एक बेहद खास मॉडल है – "विजन ई-स्काई", जिसे वैगनआर का इलेक्ट्रिक वर्जन माना जा रहा है. माना जा रहा है कि यह कार सुजुकी की अब तक की सबसे कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक पेशकश होगी.
डिजाइन में दिखेगा बिल्कुल नया अंदाज़
विजन ई-स्काई को एक फ्रेश और मॉडर्न डिज़ाइन दिया गया है, जो इसे पारंपरिक वैगनआर से काफी अलग बनाता है. इसका फ्रंट लुक पूरी तरह से नया है. इसमें पिक्सेल-शैली की एलईडी हेडलाइट्स, सी-शेप एलईडी डीआरएल्स और बंद ग्रिल के साथ एक स्लीक बंपर डिज़ाइन शामिल है. साइड प्रोफाइल में यह कार काफी फ्यूचरिस्टिक लगती है. रिट्रैक्टेबल डोर हैंडल, नए डिजाइन वाले एलॉय व्हील्स और काले रंग के A और B पिलर इसे स्पोर्टी फील देते हैं. वहीं छत का सपाट डिज़ाइन इसे एक हैचबैक होते हुए भी बोल्ड अपील देता है. पीछे की तरफ, C-आकार की टेललाइट्स, वाइड विंडस्क्रीन और सिंपल मगर स्टाइलिश बंपर इसे संपूर्ण लुक प्रदान करते हैं.
कैसा होगा इसका इंटीरियर अनुभव?
इस इलेक्ट्रिक कार का केबिन एकदम मॉडर्न और टेक्नोलॉजी-फोकस्ड होगा. अंदर की बात करें तो, ड्यूल 12-इंच की स्क्रीन — एक डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और एक बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा. इन दोनों में मिरर जैसी थीम देखने को मिलेगी, जो इसे हाई-टेक लुक देगी.डैशबोर्ड और दरवाज़ों में एंबिएंट लाइटिंग दी गई है, जो नाइट ड्राइव में प्रीमियम फील देगी. इसके साथ ही, फ्लोटिंग सेंटर कंसोल में वायरलेस स्मार्टफोन चार्जर मौजूद रहेगा और कुछ फिजिकल बटन भी दिए गए हैं, ताकि टेक्नोलॉजी और यूज़र फ्रेंडली अनुभव में संतुलन बना रहे.3-स्पोक स्टीयरिंग व्हील के साथ इंस्ट्रूमेंट कंसोल जुड़ा होगा और डैशबोर्ड में ट्रे-स्टाइल स्टोरेज दिया गया है, जिससे रोज़मर्रा की ज़रूरतों के लिए भरपूर जगह मिल सके.
बैटरी और रेंज की बात करें तो...
सुजुकी का कहना है कि यह इलेक्ट्रिक कार एक बार चार्ज होने पर 270 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय कर सकती है. शहरों में रोजमर्रा की ड्राइविंग के लिहाज़ से यह रेंज काफी अच्छी मानी जा रही है.
यह भी पढ़ें: Jeep की नई Compass Track Edition हुई लॉन्च, इन गाड़ियों को देगी टक्कर, जानें कीमत और फीचर्स