IRCTC Japan Tour Package: जापान की चमचमाती स्काईलाइन, सदियों पुरानी परंपराएं, चेरी ब्लॉसम और दुनिया की तेज रफ्तार बुलेट ट्रेन किसी भी यात्री को आकर्षित कर सकती है. लेकिन पहली बार जापान जाने वालों के लिए भाषा, लोकल ट्रांसपोर्ट और अलग-अलग शहरों की यात्रा को मैनेज करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है. ऐसे यात्रियों के लिए IRCTC ने 10 दिन और 9 रातों का जापान टूर पैकेज पेश किया है. यह यात्रा 6 सितंबर को दिल्ली से शुरू होगी और 15 सितंबर को वापसी होगी. पैकेज के तहत यात्रियों को जापान के कई लोकप्रिय शहरों और पर्यटन स्थलों को एक ही ट्रिप में एक्सप्लोर करने का मौका मिलेगा.
₹3.45 लाख से शुरू है टूर पैकेज
IRCTC के इस पैकेज की कीमत ट्रिपल शेयरिंग के आधार पर 3,45,999 रुपये प्रति व्यक्ति से शुरू होती है. ट्विन शेयरिंग के लिए प्रति व्यक्ति 3,49,999 रुपये और सिंगल ऑक्यूपेंसी के लिए 4,73,999 रुपये देने होंगे. 5 से 11 साल की उम्र के बच्चों के लिए बेड के साथ पैकेज की कीमत 2,92,499 रुपये और बिना बेड के 2,63,999 रुपये रखी गई है. यानी परिवार के साथ जापान घूमने की योजना बना रहे यात्रियों के लिए अलग-अलग विकल्प उपलब्ध हैं.
फ्लाइट से होटल तक कई सुविधाएं शामिल
पैकेज में दिल्ली से जापान और वापसी की इकोनॉमी क्लास फ्लाइट, फोर-स्टार होटल में ठहरने और जापान टूरिस्ट वीजा फीस को शामिल किया गया है. यात्रियों को रोजाना ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर भी मिलेगा. इसके अलावा एयरपोर्ट ट्रांसफर, एसी कोच से स्थानीय साइटसीइंग और लागू टैक्स पैकेज का हिस्सा हैं. 70 साल से कम उम्र के यात्रियों के लिए ट्रैवल इंश्योरेंस और इंग्लिश बोलने वाला टूर गाइड भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे पहली बार जापान जाने वाले यात्रियों के लिए सफर काफी आसान हो सकता है.
टोक्यो से हाकोने तक दिखेगा जापान का अलग रंग
टूर की शुरुआत टोक्यो से होगी, जहां यात्री असाकुसा टेंपल, नाकामिसे शॉपिंग स्ट्रीट, उएनो पार्क, ओडाइबा और TeamLab Planets जैसे आकर्षण देखेंगे. मौसम अनुकूल होने पर माउंट फूजी के फिफ्थ स्टेशन का दौरा भी कराया जाएगा, जबकि खराब मौसम की स्थिति में ओशिनो हक्काई को वैकल्पिक स्थल के तौर पर रखा गया है. इसके बाद हाकोने में ओवाकुदानी वैली, हाकोने रोपवे और लेक आशी में पाइरेट शिप क्रूज का अनुभव मिलेगा. यात्रा के दौरान टोयोटा म्यूजियम और SCMAGLEV रेलवे म्यूजियम भी देखने का मौका मिलेगा.
क्योटो से हिरोशिमा तक यादगार सफर
जापान के इस टूर में क्योटो, ओसाका, नारा और हिरोशिमा जैसे प्रमुख शहर भी शामिल हैं. क्योटो में अराशियामा बैंबू फॉरेस्ट, किंकाकु-जी टेंपल और फुशिमी इनारी ताइशा की खूबसूरती देखने को मिलेगी. ओसाका में ओसाका कैसल और नारा में टोडाई-जी टेंपल के साथ खुले में घूमते हिरण आकर्षण का केंद्र होंगे. वहीं हिरोशिमा में पीस मेमोरियल पार्क, मियाजिमा आइलैंड और इत्सुकुशिमा श्राइन का दौरा कराया जाएगा. सफर को और खास बनाने के लिए शिन-ओसाका से हिरोशिमा तक मशहूर शिंकानसेन बुलेट ट्रेन की यात्रा भी पैकेज में शामिल है.
ये भी पढ़ें: IMD Alert: 15 अगस्त तक आफत की बारिश! दिल्ली समेत 10 राज्यों में अलर्ट, जानें कहां-कैसा रहेगा मौसम?