अमेरिका का KC-135 एयरक्राफ्ट इराक में क्रैश, ईरान के साथ जंग में ट्रंप को बड़ा झटका, कितना हुआ नुकसान?

अमेरिकी सेना ने जानकारी दी है कि उसका एक KC-135 रीफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट पश्चिमी इराक में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है.

Iran War America KC-135 aircraft crashes in Iraq Shock to Trump
Image Source: Social Media

वॉशिंगटन: अमेरिकी सेना ने जानकारी दी है कि उसका एक KC-135 रीफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट पश्चिमी इराक में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. इस घटना में शामिल दूसरा विमान सुरक्षित रूप से उतरने में सफल रहा. यह हादसा ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका और इजरायल ईरान के खिलाफ संयुक्त सैन्य अभियान चला रहे हैं.

मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य अभियानों की जिम्मेदारी संभालने वाले यूएस सेंट्रल कमांड ने इस दुर्घटना की पुष्टि की है. कमांड के अनुसार फिलहाल इलाके में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है.

हादसे में दो विमान थे शामिल

सेंट्रल कमांड के बयान के अनुसार यह घटना ऑपरेशन ‘एपिक फ्यूरी’ के दौरान मित्र देश के हवाई क्षेत्र में हुई. हादसे में दो विमान शामिल थे.

बताया गया है कि एक KC-135 रीफ्यूलिंग विमान क्रैश हो गया, जबकि दूसरा विमान सुरक्षित तरीके से उतर गया. सेना ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह हादसा किसी दुश्मन के हमले या फ्रेंडली फायर की वजह से नहीं हुआ है.

अब तक क्या जानकारी सामने आई

  • पश्चिमी इराक में अमेरिकी सेना का एक KC-135 रीफ्यूलिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ.
  • इस मिशन में दो विमान शामिल थे, जिनमें से एक सुरक्षित उतर गया.
  • यूएस सेंट्रल कमांड ने कहा कि हादसा दुश्मन या मित्र सेना की गोलीबारी के कारण नहीं हुआ.
  • दुर्घटना के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.

किन सवालों के जवाब अभी बाकी

  • विमान में कितने लोग सवार थे, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है.
  • हादसे में किसी के हताहत होने की पुष्टि भी नहीं हुई है.
  • क्रैश की असली वजह क्या थी, यह भी अभी साफ नहीं है.

दुर्घटना की सटीक जगह और रेस्क्यू ऑपरेशन का लोकेशन सार्वजनिक नहीं किया गया है.

पहले भी हुआ था विमानों का नुकसान

28 फरवरी को ईरान के खिलाफ अभियान शुरू होने के बाद यह अमेरिकी विमानों से जुड़ी दूसरी बड़ी घटना बताई जा रही है.

1 मार्च को युद्ध शुरू होने के दूसरे दिन तीन अमेरिकी लड़ाकू विमान गिराए गए थे. उस समय सेंट्रल कमांड ने बताया था कि यह फ्रेंडली फायर की घटना थी. जानकारी के अनुसार ये तीनों F-15 स्ट्राइक ईगल फाइटर जेट थे, जिन्हें कुवैत की हवाई सुरक्षा प्रणाली ने गलती से निशाना बना लिया था.

ये भी पढ़ें- तेल के लिए तरस जाएगी दुनिया! होर्मुज के बाद इस रास्ते को भी बंद करेगा ईरान, जानें क्या है प्लान?