मध्य पूर्व में तनाव की तपिश और बढ़ गई है, जब ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने एक सख्त संदेश जारी करते हुए चेतावनी दी कि अगर किसी भी देश ने ईरान के खिलाफ कोई गलत कदम उठाया, तो उसका जवाब बेहद घातक और निर्णायक होगा. यह बयान ऐसे वक्त आया है जब एक ईरानी सांसद ने देश की सबसे उन्नत अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) के सफल परीक्षण का दावा किया है.
ईरान की सरकारी मीडिया एजेंसी के अनुसार, IRGC ने स्पष्ट कहा है कि अगर दुश्मन कोई गलती करता है, तो ईरान का हाथ ऊपर रहेगा. हम युद्ध के मैदान में पहल करेंगे और दुश्मन को ऐसा जवाब देंगे जो उसे याद रहेगा. यह बयान साफ संकेत देता है कि ईरान किसी भी सैन्य दबाव या हमले की स्थिति में पहली कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा.
सांसद का दावा, "ईरान ने ICBM का सफल परीक्षण किया"
ईरान के सांसद मोहसेन जंगानेह ने देश के सरकारी चैनल से बात करते हुए खुलासा किया कि 18 सितंबर की रात ईरान ने अपनी सबसे उन्नत मिसाइल का परीक्षण किया, जो पूरी तरह सफल रहा. उन्होंने इसे देश की सैन्य शक्ति का प्रतीक बताया, खासकर अमेरिका और इजरायल के साथ बढ़ते तनाव के बीच.
राजधानी तेहरान समेत कई शहरों में दिखे सैन्य संकेत
ICBM परीक्षण के दौरान तेहरान, गोरगान, सारी और सेमनान जैसे शहरों में आकाश में चमकदार वस्तुएं और धुएं के निशान देखे गए. कई नागरिकों ने इन दृश्यों को कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिससे सैन्य गतिविधियों की पुष्टि और बढ़ गई. हालांकि, फार्स न्यूज एजेंसी ने इसे केवल एक "आंतरिक प्रणाली परीक्षण" बताया है और हथियार परीक्षण से इनकार किया है.
वायु रक्षा प्रणाली अलर्ट पर
एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिमी तेहरान में शनिवार रात एयर डिफेंस सिस्टम को एक्टिव कर दिया गया. रिपोर्ट्स बताती हैं कि यह कदम उन रहस्यमय विस्फोटों और आग की घटनाओं के बाद उठाया गया है जो ईरान के औद्योगिक और रक्षा प्रतिष्ठानों पर हाल में देखने को मिली हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि इजरायल और ईरान के बीच हालिया टकराव, जिसमें 12 दिन का सीमित युद्ध भी शामिल था, इन घटनाओं की पृष्ठभूमि हो सकती है.
राष्ट्रपति का बयान, “प्रतिबंधों से नहीं डरता ईरान”
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रतिबंध न हटाने के फैसले पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा ईरान किसी भी प्रतिबंध को पार करने की क्षमता रखता है. हम पीछे हटने वाले नहीं हैं. इसके साथ ही, ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने चेतावनी दी है कि अगर प्रतिबंध दोबारा लगाए जाते हैं, तो देश अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के साथ सहयोग तुरंत रोक देगा.
यह भी पढ़ें: UN के मंच से जेलेंस्की ने दुनिया को दी चेतावनी, बाले- अब पूरे यूरोप में युद्ध बढ़ाएगा रूस, पुतिन को...