ईरान की बढ़ेगी चिंता! अमेरिका ने अबतक के सबसे विनाशकारी मिसाइल का किया परीक्षण, जानें खासियत

Doomsday Ballistic Missile: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और ईरान के साथ जारी टकराव के बीच संयुक्त राज्य अमेरिका ने अपनी सामरिक ताकत का प्रदर्शन करते हुए एक अहम मिसाइल परीक्षण किया.

Iran concern will increase America tests the most destructive missile ever know its features
Image Source: Social Media

Doomsday Ballistic Missile: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और ईरान के साथ जारी टकराव के बीच संयुक्त राज्य अमेरिका ने अपनी सामरिक ताकत का प्रदर्शन करते हुए एक अहम मिसाइल परीक्षण किया. मंगलवार, 3 मार्च को कैलिफोर्निया तट से एक इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) का सफल परीक्षण किया गया, जिसने वैश्विक स्तर पर सुरक्षा और सैन्य तैयारियों को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह परीक्षण कैलिफोर्निया के वैंडेनबर्ग स्पेस फोर्स बेस से किया गया. 

रात करीब 11 बजे लॉन्च की गई यह मिसाइल Minuteman III थी, जिसे अमेरिका के परमाणु हथियारों के अहम स्तंभों में गिना जाता है. लॉन्च के बाद यह मिसाइल हजारों किलोमीटर की दूरी तय करते हुए पश्चिम-मध्य प्रशांत महासागर में स्थित मार्शल द्वीप के पास अपने निर्धारित लक्ष्य तक पहुंची. अमेरिकी स्पेस फोर्स के अनुसार, यह परीक्षण पूरी तरह सफल रहा और मिसाइल ने तय दिशा व सटीकता के साथ लक्ष्य को हिट किया.

नियमित परीक्षण, पहले से था तय

अमेरिकी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह परीक्षण किसी तत्काल युद्ध स्थिति की प्रतिक्रिया नहीं था, बल्कि इसे पहले से निर्धारित कार्यक्रम के तहत अंजाम दिया गया. Air Force Global Strike Command ने बताया कि ऐसे परीक्षणों का मकसद मिसाइल सिस्टम की विश्वसनीयता, तत्परता और सटीकता को परखना होता है. उन्होंने कहा कि इस तरह के लॉन्च नियमित रूप से किए जाते हैं, ताकि देश की परमाणु रक्षा प्रणाली हर समय तैयार रहे.

परमाणु त्रिकोण का अहम हिस्सा

Minuteman III मिसाइल अमेरिका के “न्यूक्लियर ट्रायड” यानी परमाणु त्रिकोण का महत्वपूर्ण हिस्सा है. इस त्रिकोण में तीन माध्यम शामिल होते हैं जमीन, समुद्र और हवा, जिनके जरिए परमाणु हथियार लॉन्च किए जा सकते हैं.

यह प्रणाली किसी भी संभावित दुश्मन के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की क्षमता सुनिश्चित करती है और इसी वजह से इसे परमाणु युद्ध को रोकने के लिए भी एक मजबूत साधन माना जाता है.

कितनी खतरनाक है Minuteman III?

Minuteman III अमेरिका की सबसे पुरानी लेकिन बेहद प्रभावी इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइलों में से एक है, जिसका उपयोग 1970 के दशक से किया जा रहा है.

  • इसकी मारक क्षमता करीब 13,000 किलोमीटर तक है
  • यह परमाणु वॉरहेड ले जाने में सक्षम है
  • इसकी ताकत हिरोशिमा परमाणु बम हमला में इस्तेमाल बम से लगभग 20 गुना अधिक मानी जाती है

हालांकि, इस परीक्षण के दौरान मिसाइल में कोई वास्तविक परमाणु हथियार नहीं लगाया गया था. यह सिर्फ तकनीकी मूल्यांकन के उद्देश्य से किया गया लॉन्च था.

अमेरिका के पास सैकड़ों मिसाइलें

बताया जाता है कि अमेरिका के पास इस श्रेणी की करीब 400 मिसाइलें मौजूद हैं, जो उसकी रणनीतिक सुरक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं. ये मिसाइलें विशेष रूप से रूस और चीन जैसे शक्तिशाली देशों के खिलाफ संतुलन बनाए रखने के लिए तैनात हैं. “Minuteman” नाम इसलिए दिया गया है क्योंकि यह मिसाइल बहुत कम समय, लगभग एक मिनट के भीतर लॉन्च के लिए तैयार हो जाती है.

भविष्य की योजना क्या है?

अमेरिका 2030 तक इस पुरानी प्रणाली को नई पीढ़ी की मिसाइल से बदलने की योजना पर काम कर रहा है. इसके बावजूद, तब तक Minuteman III के परीक्षण जारी रहेंगे ताकि इसकी कार्यक्षमता बनी रहे. 576वें फ्लाइट टेस्ट स्क्वाड्रन के कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल कैरी रे के अनुसार, इस परीक्षण से मिसाइल सिस्टम के विभिन्न हिस्सों की कार्यप्रणाली को समझने और उसे बेहतर बनाने में मदद मिली है.

ये भी पढ़ें- 20 सालों बाद बिहार में नीतीश युग का अंत, राज्यसभा जाने का किया ऐलान; एक्स पर पोस्ट करके दी जानकारी