Iran Protest: ईरान में विरोध प्रदर्शन अब तीसरे दिन भी जारी हैं और पूरे देश में राजनीतिक और सामाजिक तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. बढ़ती हिंसा और सरकार की कड़ी कार्रवाई के बीच राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने देशवासियों से सीधे संवाद किया और हालात पर अपनी प्रतिक्रिया दी.
उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरानी समाज में अशांति फैलाने वालों के खिलाफ कोई समझौता नहीं किया जाएगा. पेजेशकियान का यह बयान ऐसे समय में आया है जब देश की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों में प्रदर्शन लगातार चौदहवें दिन में प्रवेश कर चुके हैं.
राष्ट्रपति का सख्त संदेश
राष्ट्रपति पेजेशकियान ने रविवार, 11 जनवरी को अपने संबोधन में कहा कि कुछ बाहरी ताकतें, विशेषकर अमेरिका और इजरायल, देश में अशांति फैलाने के पीछे हैं. उनका कहना था कि इन शक्तियों ने दंगाइयों और आतंकवादियों को उकसाकर ईरानी समाज को कमजोर करने का प्रयास किया. पेजेशकियान ने ईरानी नागरिकों से अपील की कि वे दंगाइयों और हिंसक तत्वों से दूरी बनाएं और देश में स्थिरता बनाए रखने में सहयोग करें. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार नागरिकों की समस्याओं और मांगों को सुन रही है और उन्हें हल करने के प्रयास में लगी हुई है.
राष्ट्रपति ने कहा, “ईरानी लोग फिक्रमंद हैं, हमें उनकी चिंताओं का एहसास है. लेकिन दंगाई पूरे समाज को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अधिकारियों के लिए यह सुनिश्चित करना प्राथमिकता है कि लोग न्याय और सुरक्षा महसूस करें.”
विरोध प्रदर्शन में बढ़ती हिंसा
ईरान के विभिन्न हिस्सों में हुई हिंसक झड़पों में अब तक 203 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. हालांकि, मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि मरने वालों की संख्या सरकारी आंकड़ों से कहीं अधिक हो सकती है. देशभर में इंटरनेट ब्लैकआउट और सुरक्षा बलों की कड़ी कार्रवाई के बावजूद विरोध प्रदर्शन बढ़ते ही जा रहे हैं.
विरोध प्रदर्शन की शुरुआत आर्थिक असंतोष और बढ़ते महंगाई के खिलाफ हुई थी. धीरे-धीरे ये प्रदर्शनों का स्वरूप राजनीतिक हो गया और प्रदर्शनकारियों ने सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई के नेतृत्व वाले शासन को हटाने की मांग करनी शुरू कर दी. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि देश में बढ़ते खर्च और बेरोज़गारी ने उनकी जीवनशैली और मूलभूत जरूरतों को प्रभावित किया है.
राष्ट्रपति की आर्थिक राहत योजना
इन प्रदर्शनों के बीच पेजेशकियान ने देशवासियों को आर्थिक राहत देने का भी ऐलान किया. उन्होंने कहा कि सरकार देश में बढ़ती महंगाई और आर्थिक कठिनाइयों को कम करने के लिए योजनाओं पर काम कर रही है. हालांकि, कई विशेषज्ञ मानते हैं कि यह योजना तत्काल परिणाम देने में असमर्थ हो सकती है और जनता का विश्वास जीतने के लिए व्यापक सुधार और ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है.
निर्वासित रेजा पहलवी का सन्देश
ईरान के निर्वासित क्राउन प्रिंस रेजा पहलवी ने भी प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया और कहा कि वह ईरान लौटेंगे तथा लोकतंत्र और स्वतंत्रता के पक्ष में लड़ने वालों का समर्थन करेंगे. उन्होंने प्रदर्शनकारियों से धैर्य और लगातार संघर्ष जारी रखने की अपील की.
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान फिर हुआ बेनकाब, इस आतंकी का बड़ा कबूलनामा; बांग्लादेश को बना रहा नया लॉन्चपैड!