Iran and Israel War: ईरान और इज़राइल के बीच चल रहा तनाव अब खुले युद्ध की शक्ल लेता जा रहा है. शनिवार देर रात ईरान ने ‘ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस-III’ के तहत इज़राइल के कई प्रमुख शहरों पर एक के बाद एक 100 से अधिक बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया. इस हमले में तेल अवीव, यरुशलम, हाइफा और बेन गुरियन एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया, जिससे भारी तबाही की खबर है.
हाइफा की रिफाइनरी और पावर प्लांट ध्वस्त
ईरानी मिसाइल हमले में हाइफा स्थित एक ऑयल रिफाइनरी और पावर प्लांट को गंभीर नुकसान पहुंचा. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे मिसाइल गिरते ही पूरे क्षेत्र में आग की तेज लपटें और धुएं का गुबार उठता है. इज़राइली मीडिया के मुताबिक, हाइफा के पास अरब बहुल शहर तमरा में एक रिहायशी इमारत पर सीधा हमला हुआ, जिससे 1 व्यक्ति की मौत और 13 लोग घायल हुए हैं.
तेल अवीव और एयरपोर्ट के पास धमाके
इज़राइल की आर्मी रेडियो ने पुष्टि की है कि तेल अवीव के कई इलाकों में रॉकेट गिरे और एक इमारत पर सीधा प्रहार हुआ है. पश्चिमी यरुशलम और बेन गुरियन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास भी धमाकों की खबर है. स्थानीय मीडिया के अनुसार, अब तक 4 लोगों की मौत और 499 से अधिक घायल होने की अटकलें हैं, हालांकि IDF ने केवल 1 मौत और 3 घायलों की पुष्टि की है.
इज़राइल का पलटवार: तेहरान में निशाना बने न्यूक्लियर साइट्स
ईरानी हमले के कुछ ही घंटों बाद इज़रायली डिफेंस फोर्स (IDF) ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए ईरान की राजधानी तेहरान में कई सैन्य और परमाणु ठिकानों को टारगेट किया. IDF ने बताया कि इस ऑपरेशन में ईरानी रक्षा मंत्रालय का मुख्यालय, SPND प्रोजेक्ट और न्यूक्लियर आर्काइव्स से जुड़े कई केंद्र को निशाना बनाया गया. IDF का कहना है कि “ईरान के आक्रामक रुख को देखते हुए अब हमारे पास जवाब देने के अलावा कोई विकल्प नहीं है. यह सिर्फ इज़राइल के लिए ही नहीं, बल्कि वैश्विक सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन चुका है.”
ड्रोन हमलों को किया इंटरसेप्ट, फिर भी पहुंचे टारगेट तक
इज़राइली सेना ने एक वीडियो जारी कर बताया कि ईरान ने बड़ी संख्या में ड्रोन भी लॉन्च किए थे, जिन्हें एयर डिफेंस सिस्टम ने इंटरसेप्ट करने की कोशिश की. हालांकि कुछ ड्रोन और मिसाइल सुरक्षा कवच को चकमा देकर अपने टारगेट तक पहुंचने में सफल रहे.
ईरान ने दी चेतावनी: “हम जवाब देने के लिए तैयार हैं”
ईरानी सेना ने अपने आधिकारिक टेलीग्राम चैनल पर बयान जारी करते हुए कहा कि यह हमला इज़राइल की हालिया आक्रामक कार्रवाई के जवाब में है. ईरान ने स्पष्ट किया है कि अगर इज़राइल हमला जारी रखता है तो आने वाले दिनों में जवाब और भी ज्यादा तीखा और निर्णायक होगा.
यह भी पढ़ें: ट्रंप को मारना चाहता है ईरान, इजराइली PM नेतन्याहू का बड़ा दावा