IPL 2026: सीजन के शुरुआती मैचों से बाहर हुए एमएस धोनी, CSK को बड़ा झटका, जानिए क्या है वजह?

IPL 2026 के शुरू होते ही चेन्नई सुपर किंग्स और उसके फैंस के लिए एक निराशाजनक खबर सामने आई है.

IPL 2026 MS Dhoni out of initial matches blow to CSK Leg Injury
Image Source: ANI

IPL 2026 के शुरू होते ही चेन्नई सुपर किंग्स और उसके फैंस के लिए एक निराशाजनक खबर सामने आई है. टीम के पूर्व कप्तान और सबसे अनुभवी खिलाड़ी एमएस धोनी टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे.

चेन्नई सुपर किंग्स ने 28 मार्च की सुबह एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि धोनी चोट के कारण कुछ समय के लिए टीम से बाहर रहेंगे. इससे टीम की रणनीति और संतुलन पर असर पड़ सकता है.

काफ स्ट्रेन के कारण रिहैब में धोनी

टीम की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, धोनी को काफ स्ट्रेन यानी पिंडली में खिंचाव की समस्या हुई है. इसी वजह से वह फिलहाल रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं.

डॉक्टरों की सलाह के अनुसार, उन्हें पूरी तरह फिट होने में करीब दो हफ्ते का समय लग सकता है. ऐसे में शुरुआती मैचों में उनकी अनुपस्थिति तय मानी जा रही है.

कम से कम 3 मैच मिस कर सकते हैं धोनी

अगर धोनी पूरे 14 दिन तक टीम से बाहर रहते हैं, तो वह कम से कम तीन मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे.

चेन्नई सुपर किंग्स का पहला मैच 30 मार्च को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेला जाएगा. इसके बाद 3 अप्रैल को चेन्नई में पंजाब किंग्स से मुकाबला होगा. वहीं 5 अप्रैल को टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ उसके घरेलू मैदान पर उतरेगी.

इन तीनों ही मैचों में धोनी के खेलने की संभावना बेहद कम है.

कब हो सकती है वापसी?

अगर रिकवरी सही रहती है, तो धोनी 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में वापसी कर सकते हैं. हालांकि उनकी फिटनेस पर अंतिम फैसला टीम मैनेजमेंट और मेडिकल स्टाफ ही करेगा.

पिछले कुछ समय से फिटनेस बनी चुनौती

धोनी पिछले दो सीजन से अपनी फिटनेस को लेकर लगातार जूझते रहे हैं. खासकर घुटने की समस्या ने उन्हें काफी परेशान किया है.

मैच के दौरान कई बार उन्हें घुटने पर पट्टी या आइस पैक लगाए देखा गया है. 2024 सीजन के बाद उन्होंने घुटने की सर्जरी भी कराई थी, जिससे उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठते रहे हैं.

एमएस धोनी पहले भी कई बार कह चुके हैं कि उनके लिए साल भर फिट रहना आसान नहीं है. उन्होंने माना है कि खुद को लंबे समय तक मैच के लिए तैयार रखना उनके करियर की सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है.

ये भी पढ़ें- IPL 2026: 10 टीम, 12 शहर, 74 मैच... इस आईपीएल सीजन में क्या होगा खास? BCCI ने नियमों में किया बदलाव