IPL 2026: आईपीएल 2026 का रोमांच अब करीब है. इस सीजन में कुल 10 टीमों के बीच 74 मैच खेले जाएंगे. टूर्नामेंट की शुरुआत 28 मार्च 2026 को होगी, जब डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने ओपनिंग मैच में सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी. यह मुकाबला एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु में खेला जाएगा. वहीं, फाइनल मुकाबला 31 मई को आयोजित होगा. फिलहाल प्लेऑफ के शेड्यूल का ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन फैंस के लिए रोमांच और उत्साह पहले ही बढ़ गया है.
इस सीजन कुछ टीमें अपने होम मैचों के लिए नए स्टेडियम का इस्तेमाल करेंगी. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने दो मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेलेंगी. पंजाब किंग्स अपने सात होम मैचों में से चार न्यू चंडीगढ़ और तीन धर्मशाला में खेलेगी. राजस्थान रॉयल्स भी अपने सात मैचों में से चार जयपुर और तीन गुवाहाटी में आयोजित करेगी. इस बदलाव से फैंस को नए शहरों में भी लाइव मैच देखने का मौका मिलेगा.
ग्रुप और मैच फॉर्मेट
IPL 2026 में टीमें 5-5 के दो ग्रुप में बांटी गई हैं. ग्रुप ए में चेन्नई सुपर किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स हैं. ग्रुप बी में मुंबई इंडियंस, सनराइजर्स हैदराबाद, गुजरात टाइटंस, दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स शामिल हैं. प्रत्येक टीम अपने ग्रुप की टीमों से एक-एक मैच खेलेगी और दूसरे ग्रुप की टीमों से दो- दो मुकाबले होंगी. मैच की टाइमिंग के मुताबिक, दोपहर के मुकाबले 3:30 बजे शुरू होंगे और शाम के मुकाबले 7:30 बजे.
बड़े ट्रेड और टीमों में बदलाव
IPL 2026 की नीलामी और बड़े ट्रेड्स के बाद कई टीमें अपनी रणनीति बदल चुकी हैं. राजस्थान रॉयल्स से चेन्नई सुपर किंग्स में संजू सैमसन का ट्रांसफर हुआ, और बदले में रवींद्र जडेजा और सैम करन आए. हालांकि, सैम करन ग्रोइन इंजरी के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हैं. मोहम्मद शामी सनराइजर्स हैदराबाद से लखनऊ सुपर जायंट्स में शामिल हुए. नितीश राणा राजस्थान से दिल्ली कैपिटल्स पहुंचे, मयंक मार्कंडे कोलकाता से मुंबई इंडियंस गए, और अर्जुन तेंदुलकर मुंबई से लखनऊ सुपर जायंट्स में शामिल हुए.
नीलामी में नए रिकॉर्ड
इस बार की नीलामी में विदेशी खिलाड़ियों और अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों पर जबरदस्त बोली लगी. कोलकाता नाइट राइडर्स ने सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी कैमरन ग्रीन को 25.2 करोड़ रुपए में खरीदा. मथीशा पथिराना को 18 करोड़ में साइन किया गया. वहीं, आरसीबी को वेंकटेश अय्यर 7 करोड़ में मिले, जो पिछले साल 23.75 करोड़ में गए थे. अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों में 20 साल के स्पिन ऑलराउंडर प्रशांत वीर और 19 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज कार्तिक शर्मा को CSK ने 14.2 करोड़ में खरीदा. जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी दिल्ली कैपिटल्स में 8.4 करोड़ में शामिल हुए.
चोटों का असर
कई बड़े खिलाड़ी चोट या अन्य कारणों से शुरुआती मैचों में नहीं खेल पाएंगे. केकेआर के हर्षित राणा और आकाश दीप पूरे टूर्नामेंट से बाहर हैं. मथीशा पथिराना अप्रैल में उपलब्ध होंगे. एसआरएच के कप्तान पैट कमिंस पहले हाफ में नहीं खेलेंगे, उनकी जगह ईशान किशन कप्तानी करेंगे. आरसीबी के जोश हेजलवुड शुरुआती मैचों में नहीं खेल पाएंगे. पंजाब किंग्स के लॉकी फर्ग्यूसन भी पहले कुछ मैचों में उपलब्ध नहीं होंगे. दिल्ली के बेन डकेट इंग्लैंड करियर को प्राथमिकता देने के कारण बाहर हैं, और उन पर दो साल का बैन भी लग सकता है.
स्टार खिलाड़ी इस बार मैदान में नहीं
ग्लेन मैक्सवेल, फाफ डू प्लेसिस और मोईन अली इस बार आईपीएल में नहीं खेल रहे हैं क्योंकि वे पाकिस्तान सुपर लीग में खेल रहे हैं. आंद्रे रसेल ने आईपीएल से संन्यास लिया है और केकेआर के पावर कोच के रूप में जुड़े हैं. ऐसे में इस सीजन कई बड़े नाम मैदान पर नहीं नजर आएंगे.
सपोर्ट स्टाफ में बदलाव
कई टीमों ने अपने कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ में बदलाव किया है. राजस्थान रॉयल्स में कुमार संगकारा हेड कोच और क्रिकेट डायरेक्टर बने हैं. केकेआर में अभिषेक नायर हेड कोच बने हैं, जबकि शेन वॉटसन असिस्टेंट कोच और टिम साउथी बोलिंग कोच बने हैं. यह बदलाव टीमों की रणनीति और मैच प्रबंधन में नया आयाम जोड़ सकते हैं.
एमएस धोनी का भविष्य
चेन्नई सुपर किंग्स में संजू सैमसन के आने के बाद भी सबसे बड़ा सवाल एमएस धोनी के भविष्य को लेकर है. क्या यह उनका आखिरी सीजन होगा? यह चर्चा फिर से तेज हो गई है, लेकिन इसका उत्तर केवल धोनी ही दे सकते हैं.
BCCI के नए नियम
IPL 2026 में BCCI ने खिलाड़ियों और टीमों के लिए नए नियम बनाए हैं. मैच वाले दिन किसी भी टीम को प्रैक्टिस या ट्रेनिंग की अनुमति नहीं होगी. किसी भी टीम को दो से ज्यादा प्रैक्टिस मैच खेलने की इजाजत नहीं है. टीमों को प्रैक्टिस नेट्स साझा नहीं करने होंगे, और हर टीम को नया नेट मिलेगा. जिस पिच पर होम टीम अपना पहला मैच खेलेगी, उस पर चार दिन पहले से प्रैक्टिस की अनुमति नहीं होगी. खिलाड़ियों के परिवार और दोस्तों को ट्रैवल की अनुमति नहीं है. साथ ही, मैदान पर LEB बोर्ड के पास बैठने की इजाजत भी नहीं होगी.
ये भी पढ़ें- PSL 2026: कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस में रिजवान की हरकत पर भड़के वॉर्नर, बोले- स्कूल के बच्चे हो